कुरुक्षेत्र में बस पर पथराव: Omar Abdullah बोले- Haryana सरकार ने दिया कार्रवाई का भरोसा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जम्मू-कश्मीर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास कुछ लोगों ने पत्थर और ईंटें फेंकीं, जिसमें एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बताया कि उनके कार्यालय ने इस मामले में हरियाणा सरकार से संपर्क किया है, जिसने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि उनके कार्यालय ने जम्मू-कश्मीर जा रही एक स्लीपर बस पर कुरुक्षेत्र के पास पथराव की घटना को लेकर हरियाणा सरकार से बात की है, जिसने कानून के अनुसार त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस घटना में एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया था। अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक खाते से एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘‘जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और स्थिति पर करीबी नजर रख रही है।’’ ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में पंजीकृत एक स्लीपर बस पर कुरुक्षेत्र के पास पत्थर और ईंटें फेंकी गईं, जिससे एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया।

अब्दुल्ला ने अपने निजी ‘एक्स’ खाते से एक पोस्ट साझा कर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं होनी चाहिए थी। मुझे उम्मीद है कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और हरियाणा पुलिस दोषियों को पकड़कर कार्रवाई करेगी, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।’’ नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने इस घटना को नफरत से प्रेरित अपराध बताया।

डार ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिल्ली से श्रीनगर जा रही कश्मीर की एक बस पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास पत्थर और ईंटें फेंकी गईं। यह कथित तौर पर नफरत से प्रेरित हमला था, जिसमें कश्मीर का एक बुजुर्ग व्यक्ति घायल हो गया। बस में सवार परिवार इस घटना से बुरी तरह डर गए और खुद को असहाय महसूस करने लगे।’’ उन्होंने इसे ‘‘निर्दोष लोगों पर जानलेवा हमला’’ करार दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

‘एक्स’ पर एक उपयोगकर्ता ने लग्जरी स्लीपर बस को पहुंचे नुकसान का एक वीडियो भी साझा किया। उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास पथराव किया गया। वीडियो में ‘स्टार वर्ल्ड वेंचर्स’ की बस को काफी नुकसान पहुंचा दिखाई दे रहा है।

बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए हैं, पीछे की लाइट क्षतिग्रस्त हो गई हैं और नंबर प्लेट मुड़ गई है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़