IITF 2026 में Health Ministry पवेलियन पहुंचे 12,189 लोग, मिल रही हैं मुफ्त जांच सुविधाएं

IITF 2026 में Health Ministry पवेलियन पहुंचे 12,189 लोग, मिल रही हैं मुफ्त जांच सुविधाएं
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

नयी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के पहले पांच दिनों में स्वास्थ्य मंत्रालय के मंडप में 12 हजार से अधिक लोग पहुंचे। यहां लोगों को बीएमआई, रक्त शर्करा, रक्तचाप, नेत्र और दंत परीक्षण सहित कई निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह विशेष मंडप 27 नवंबर तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में स्वास्थ्य मंत्रालय के मंडप में पहले पांच दिनों के दौरान 12,189 से अधिक लोग पहुंचे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यहां आगंतुकों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और काउंसलिंग की सुविधा दी जा रही है।

यह मंडप ‘युवा भारत, स्वस्थ भारत’ विषय पर आधारित है। भारत मंडपम में बने इस मंडप में 24 राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, कार्यक्रम प्रभागों और भाग लेने वाले संगठनों के कुल 39 स्टॉल लगाए गए हैं। इस मंडप का उद्देश्य निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देना और सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

यहां आने वाले लोग मुफ्त में बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई), रक्त शर्करा और रक्तचाप की जांच करा सकते हैं। इसके अलावा आंखों की जांच, मुंह के स्वास्थ्य की जांच, सुनने की क्षमता का परीक्षण और ‘ब्लड ग्रुप’ की जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। मंडप में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, तपेदिक (टीबी), एचआईवी/एड्स, यौन संचारित संक्रमणों, मच्छर जनित बीमारियों, वायरल हेपेटाइटिस और कुष्ठ रोग के संबंध में जानकारी और परामर्श भी दिया जा रहा है।

इसके अलावा, आगंतुकों के लिए मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और टेली-मानस के बारे में जानकारी उपलब्ध है। अधिकारी ने बताया कि आंखों की देखभाल, सुनने की क्षमता, दंत स्वास्थ्य और अंगदान से जुड़ी सेवाएं तथा जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 989 वर्ग मीटर में फैला यह मंडप 27 नवंबर तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

इसी दिन व्यापार मेले 2026 का समापन होगा। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के 45वें संस्करण का आयोजन भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा 14 से 27 नवंबर तक किया जा रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़