पार्टी ने बहुत कुछ दिया लेकिन सिन्हा ने कांग्रेस के नेता की तरह बर्ताव किया: भाजपा

Party gave a lot, but Sinha behaved like Congress leader: BJP
[email protected] । Apr 21 2018 7:37PM

पार्टी ने कहा कि उनके बयान और लेखन से साफ हो गया था कि वह लंबे समय तक संगठन में नहीं टिकने वाले और वह कांग्रेस के इशारे पर काम कर रहे थे।

नयी दिल्ली। भाजपा ने आज कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के पार्टी छोड़ने की घोषणा से उसे हैरानी नहीं हुयी। पार्टी ने कहा कि उनके बयान और लेखन से साफ हो गया था कि वह लंबे समय तक संगठन में नहीं टिकने वाले और वह कांग्रेस के इशारे पर काम कर रहे थे। भाजपा के प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने कहा, ‘‘उनकी टिप्पणी और लेखन से साफ हो गया था कि वह भाजपा में लंबे समय तक नहीं रहने वाले। पार्टी ने उनका काफी सम्मान किया और महत्वपूर्ण पद दिया लेकिन उनका आचरण अनुचित था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी (सिन्हा) टिप्पणी कांग्रेस नेता की तरह या विपक्षी दल के इशारे पर काम करने वाले किसी नेता की तरह लगती थी।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी सिन्हा की घोषणा से हैरान नहीं है। सिन्हा लगातार सार्वजनिक रूप से मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों और कार्यशैली की आलोचना कर रहे थे। भाजपा से अलग होने के ऐलान के साथ ही सिन्हा ने आज कहा कि वह किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़