स्मार्ट इंडिया हैकाथन में बोले PM मोदी, भारत की शिक्षा प्रणाली में अब हो रहा व्यवस्थित सुधार

modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इसी सोच के साथ अब देश में इनोवेशन के लिए, रिसर्च के लिए, डिजाइन के लिए और विकास के लिए जरूरी इको सिस्टम तेजी से तैयार किया जा रहा है।

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए स्मार्ट इंडिया हैकाथन के ग्रैंड फिनाले को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बीती सदियों में हमने दुनिया को एक से बढ़कर एक साइंटिस्ट, टेकनीशियन्स, तकनीकी उद्यमी दिए हैं। लेकिन आज तेजी से बदलती हुई दुनिया में भारत को अपनी वही प्रभावी भूमिका निभाने के लिए उतनी ही तेजी से बदलना होगा।

उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ अब देश में इनोवेशन के लिए, रिसर्च के लिए, डिजाइन के लिए और विकास के लिए जरूरी इको सिस्टम तेजी से तैयार किया जा रहा है। अब क्वालिटी ऑफ इजुकेशन पर भारी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि ऑनलाइन एजुकेशन के लिए नए संसाधनों का निर्माण हो या फिर स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन जैसे ये अभियान, प्रयास यही है कि भारत की शिक्षा और आधुनिक बने, मॉडर्न बने, यहां के टैलेंट को पूरा अवसर मिले। उन्होंने कहा कि भारत की शिक्षा प्रणाली में अब व्यवस्थित सुधार हो रहा है, शिक्षा के प्रयोजन और विषय-वस्तु में सुधार का प्रयास किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: नई शिक्षा नीति 2020 : अब स्थानीय भाषा में होगी स्कूली पढ़ाई, जानें क्यों है यह महत्वपूर्ण 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप भी अपने आसपास देखते होंगे कि आज भी अनेक बच्चों को लगता है कि उनको एक ऐसे विषय के आधार पर जज किया जाता है, जिसमें उसका इंटरेस्ट ही नहीं रहा। मां-बाप का, रिश्तेदारों का प्रेशर होता है तो वो दूसरों द्वारा चुने गए सबजेक्ट्स पढ़ने लगते हैं। नई शिक्षा नीति के माध्यम से इसी अप्रोच को बदलने का प्रयास किया जा रहा है, पहले की कमियों को दूर किया जा रहा है। भारत की शिक्षा व्यवस्था में अब एक सिस्टेमैटिक रिफॉर्म, शिक्षा का इंटेंट और कंटेंट, दोनों को ट्रांसफ्राम करने का प्रयास है।

नई शिक्षा नीति बाबा साहेब के विचार को समर्पित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे संविधान के मुख्य शिल्पी, हमारे देश के महान शिक्षाविद डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर कहते थे कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो सभी की पहुंच में हो, सभी के लिए सुलभ हो। ये शिक्षा नीति, उनके इस विचार को भी समर्पित है। उन्होंने आगे कहा कि ये शिक्षा नीति ‘नौकरी मांगने वाले’ के बजाए ‘नौकरी सृजन करने वाला’ बनाने पर जोर दिया गया है। यानि एक प्रकार से ये हमारे माइंडसेट में, हमारी अप्रोच में ही रिफॉर्म लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि गरीबों को बेहतर जीवन देने के लिए जीवन की सुगमता का लक्ष्य हासिल करने में युवा वर्ग की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। 

इसे भी पढ़ें: नई शिक्षा नीति का दृष्टिकोण सही लेकिन अनेक प्रावधानों को लागू करने का रास्ता स्पष्ट नहीं: सिब्बल 

गौरतलब है कि स्मार्ट इंडिया हैकाथन के 2017 में हुए पहले संस्करण में 42,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। यह संख्या 2018 में बढ़कर एक लाख और 2019 में बढ़कर दो लाख हो गई थी। स्मार्ट इंडिया हैकाथन 2020 के पहले दौर में साढ़े चार लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। 

यहां पर सुनिए पूरा संबोधन:

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़