PM Modi कर्नाटक में Pink Line Metro और Vande Bharat समेत कई परियोजनाओं की देंगे सौगात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधानमंत्री शुक्रवार को कर्नाटक दौरे के दौरान बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह बेंगलुरु मेट्रो की नई पिंक लाइन को हरी झंडी दिखाएंगे और बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा मंगलुरु में देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण गुफा को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे, जहां वह पिंक लाइन मेट्रो सेवा, एक वंदे भारत ट्रेन और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मोदी नई मेट्रो लाइन पर सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और तवरेकेरे से आईआईएम बैंगलोर मेट्रो स्टेशन तक सवारी करेंगे। इसके अलावा वह बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

बेंगलुरु मेट्रो की कालेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक की पिंक लाइन को लगभग 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। वह लगभग 4,450 करोड़ रुपये के निवेश से कोप्पल-2 और गदग-2 में विकसित नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (फेज-2) के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन योजना और लगभग 1,370 करोड़ रुपये के निवेश से बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए विकसित ट्रांसमिशन योजना का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 3,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बेल्लारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन योजना तथा 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से दावणगेरे और बेल्लारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन प्रणाली सुदृढ़ीकरण परियोजना की आधारशिला रखेंगे।

बयान में कहा गया है, प्रधानमंत्री मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित भारत की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण गुफा (कैवर्न) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 80,000 मीट्रिक टन की भंडारण क्षमता के साथ, यह सुविधा भारत के एलपीजी भंडारण बुनियादी ढांचे को काफी मजबूत करेगी। इस परियोजना में न्यू मैंगलोर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है, जिससे एलपीजी के कुशल परिवहन और भंडारण की सुविधा मिलेगी।

मोदी बेंगलुरु में मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) के देवनगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 330 करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित यह अत्याधुनिक सुविधा कर्नाटक में पेट्रोलियम उत्पाद भंडारण और वितरण बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी। वह बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र की आधारशिला रखेंगे।

यह संयंत्र 12.6 टन स्वच्छ कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) का उत्पादन करने के लिए प्रतिदिन लगभग 300 टन ठोस कचरे का प्रसंस्करण करेगा। प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य में चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड के चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, वह 284 किलोमीटर लंबी गदग-होसपेट दोहरीकरण परियोजना का हिस्सा बनने वाले 45 किलोमीटर लंबे बागलकोट-वांडल रेलवे लाइन दोहरीकरण खंड का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री द्वारा 55 किलोमीटर लंबे सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलवे खंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। मोदी बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज और आधुनिक रेल संपर्क प्रदान करेगी। बयान के अनुसार इसके बाद वह मैसूरु जाएंगे और ‘भारत वन’ में एक पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे।

वह इस अवसर पर एक सभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के आवासीय मुख्यालय परिसर, प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। वह स्वर्ण जयंती प्रशासनिक ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे और तिरुवनंतपुरम, केरलम में संस्थान के एक परिसर का उद्घाटन करेंगे।

इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एच. वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी भी मनाई जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़