Sabarimala Temple में घी आपूर्ति गबन मामले में Tamil Nadu के दो व्यापारी अरेस्ट

Sabarimala Temple में घी आपूर्ति गबन मामले में Tamil Nadu के दो व्यापारी अरेस्ट
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केरल के सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शबरिमला मंदिर के लिए भेजा जाने वाला घी अवैध रूप से खरीदने के आरोप में तमिलनाडु के दो थोक व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार ओडनचत्रम के इन व्यापारियों ने ठेकेदार से करीब 50 लाख रुपये में नकद भुगतान कर यह घी खरीदा था। इस कथित हेराफेरी के चलते त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड को लगभग 2.5 करोड़ रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है।

शबरिमला मंदिर में 2025 के तीर्थयात्रा सत्र के दौरान घी की आपूर्ति में कथित अनियमितताओं के मामले में सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) की विशेष टीम ने तमिलनाडु के दो थोक व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान तमिलनाडु के ओडनचत्रम निवासी वेंकटेश्वरन और कुमारन के रूप में हुई है।

दोनों थोक में घी का कारोबार करते हैं। अधिकारियों ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी बृहस्पतिवार शाम को दर्ज की गईं। सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) के अनुसार, दोनों व्यापारियों ने कथित तौर पर वह घी खरीदा था, जिसे ठेकेदार एस एस बीनू ने तय स्थान पर पहुंचाने के बजाय दूसरी जगह भेज दिया था।

त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के साथ हुए अनुबंध के तहत बीनू को डेयरी से शबरिमला मंदिर तक मिल्मा का घी पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। केरल सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (केसीएमएमएफ) के ब्रांड मिल्मा को पिछले शबरिमला तीर्थयात्रा सत्र के दौरान घी की आपूर्ति का ठेका दिया गया था। अधिकारियों के अनुसार, बीनू ने कथित तौर पर घी को पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पहुंचाने के बजाय तमिलनाडु के ओडनचत्रम में दोनों व्यापारियों के पास भेज दिया और करीब 50 लाख रुपये में उन्हें बेच दिया।

वीएसीबी ने आरोप लगाया कि दोनों व्यापारियों को इस बात की जानकारी थी कि अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन कर घी दूसरी जगह भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि खेपों का भुगतान कथित तौर पर सीधे नकद में किया गया, ताकि लेनदेन का कोई रिकॉर्ड न रहे। इससे पहले, वीएसीबी ने बीनू को मंदिर के लिए भेजे जाने वाले करीब 11,000 लीटर घी को कथित तौर पर दूसरी जगह भेजने और उसकी जगह कम कीमत वाला उत्पाद उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

इससे टीडीबी को अनुमानित 2.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। वीएसीबी ने टीडीबी के कर्मचारी जयलाल को भी गिरफ्तार किया था, जिसे पिछले तीर्थयात्रा सत्र के दौरान शबरिमाला के भंडार गृह में पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया था। वीएसीबी ने आरोप लगाया कि जयलाल ने बीनू के साथ मिलीभगत की और रजिस्टर में ऐसी प्रविष्टियां दर्ज कीं, जिनसे यह दिखाया जा सके कि घी की पूरी खेप मंदिर को मिल गई है, जबकि वास्तव में पूरी मात्रा वहां नहीं पहुंची थी।

अधिकारियों ने बताया कि टीडीबी का एक अन्य कर्मचारी अब भी फरार है, जिसने कथित तौर पर इस अनियमितता में बीनू की मदद की थी और शबरिमला के भंडार गृह में पर्यवेक्षक के रूप में काम किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़