Press Council of India में 13 नए सदस्य नामित, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना

केंद्र सरकार ने बुधवार को भारतीय प्रेस परिषद का पुनर्गठन करते हुए छह संपादकों और सात श्रमजीवी पत्रकारों को नया सदस्य बनाया है। सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाली इस स्वायत्त परिषद में संसद सदस्यों और अन्य विशेषज्ञों समेत कुल 14 सदस्य पहले से कार्यरत हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने प्रेस परिषद अधिनियम, 1978 के प्रावधानों के तहत इन नियुक्तियों की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
नयी दिल्ली, सात अक्टूबर सरकार ने बुधवार को भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) का पुनर्गठन किया और इसमें मुख्य रूप से संपादकों तथा श्रमजीवी पत्रकारों समेत 13 सदस्यों को नामित किया। भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। इसमें 14 सदस्य हैं, जिनमें पांच सांसद, समाचार पत्रों के मालिकों के छह प्रतिनिधि तथा बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और साहित्य अकादमी के एक-एक विशेषज्ञ शामिल हैं।
अब, सरकार ने संपादकों के अलावा, पीसीआई के सदस्य के तौर पर छह संपादक और सात श्रमजीवी पत्रकारों को नामित किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया, “प्रेस परिषद अधिनियम, 1978 (1978 का 37) की धारा पांच की उपधारा (तीन) के खंड (क) और उपधारा (पांच) के तहत प्रदत्त शक्तियों तथा धारा छह की उपधारा (एक) के साथ पठित प्रावधानों के तहत केंद्र सरकार उल्लेखित सदस्यों को भारतीय प्रेस परिषद के लिए नामित करती है।” श्रमजीवी पत्रकार (संपादक श्रेणी) में प्रदीप कुमार जैन, सैयद रजा हुसैन रिजवी, अंकुर दुआ, अपर्णा शुक्ला, राज परवाना/नरेंद्र सिंह और विनोद बाजपेयी को नामित किया गया है। श्रमजीवी पत्रकार (संपादक के अलावा अन्य) श्रेणी में विनोद कोहली, गीतार्थ पाठक, प्रज्ञानंद चौधरी, किंगशुक प्रामाणिक, सी.के. नायक, प्रसन्न कुमार मोहंती और बिजॉय ककचिंगताबम को नामित किया गया है।
भारतीय प्रेस परिषद एक वैधानिक स्वायत्त निकाय है, जिसकी स्थापना प्रेस परिषद अधिनियम, 1978 के तहत की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता को बनाए रखना और देश में समाचार पत्रों तथा समाचार एजेंसियों के मानकों को बेहतर करना है।
अन्य न्यूज़














