खुद को IAS अधिकारी बताकर 35 लाख ठगने वाला 21 वर्षीय युवक Pune में गिरफ्तार

खुद को IAS अधिकारी बताकर 35 लाख ठगने वाला 21 वर्षीय युवक Pune में गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बालेवाड़ी हाई स्ट्रीट स्थित एक आवासीय सोसायटी के लोगों से 11 महीने में लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले हितेश प्रमोद कुलकर्णी को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी महज 12वीं पास होने के बावजूद खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताकर सोसायटी का अध्यक्ष बन गया था। उसने जाली हस्ताक्षरों के जरिए बैंक की सावधि जमा तुड़वाकर और फर्जी आवंटन पत्रों के सहारे रकम हड़प ली।

पुणे में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का अधिकारी बताकर एक आवासीय सोसायटी के सदस्यों से 11 महीने में 35 लाख रुपये की कथित ठगी करने के आरोप में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान हितेश प्रमोद कुलकर्णी के रूप में हुई है।

वह बालेवाड़ी हाई स्ट्रीट के पास स्थित सोसायटी का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीता और सोसायटी का अध्यक्ष बन गया। उसने लॉटरी के जरिये खाली फ्लैट दिलाने का वादा कर लोगों से पैसे लिए और जाली हस्ताक्षरों से फर्जी अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किए।

उसने सोसायटी के सचिव और कोषाध्यक्ष के जाली हस्ताक्षर कराकर ऑनलाइन बैंकिंग का नियंत्रण भी अपने हाथ में ले लिया और रकम अपने निजी खाते में स्थानांतरित कर दी। बाणेर थाने के उपनिरीक्षक राजू जाधव ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कुलकर्णी ने कभी आईएएस की परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की थी और वह केवल 12वीं पास है। आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में पुणे जिले के चिखली में रहते हुए कुलकर्णी ने अपने परिवार और पड़ोसियों को आईएएस अधिकारी बनने की बात बताई थी। उसके पिता भी उसका परिचय इसी रूप में कराते थे और कुछ मीडिया संस्थानों ने उसकी कथित उपलब्धि की खबर प्रकाशित की थी। बालेवाड़ी आने के बाद उसने सोसायटी के लोगों को सम्मान समारोहों की तस्वीरें और अखबारों की खबरें दिखाईं।

उसने बिल्डर के पास जाकर सोसायटी का कब्जा दिलाने में मदद करने का भी दावा किया। लोगों ने उसे आईएएस अधिकारी समझकर अध्यक्ष बना दिया। सोसायटी ने एकमुश्त रखरखाव शुल्क के रूप में जुटाए गए 37 लाख रुपये सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक में सावधि जमा (एफडी) के रूप में रखे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इस पर 10 लाख रुपये का ऋण लिया और रकम सोसायटी के बचत खाते में स्थानांतरित कर दी। इसके बाद उसने पांच लाख रुपये चेक से निकाले और पांच लाख रुपये अपने खाते में भेज दिए। बाद में उसने जाली हस्ताक्षरों के साथ एफडी समय से पहले बंद कराने का आवेदन दिया।

ऋण समायोजित होने के बाद बैंक ने शेष 27 लाख रुपये सोसायटी के खाते में भेजे। आरोपी ने यह रकम और खाते में पहले से मौजूद तीन लाख रुपये भी अपने निजी खाते में स्थानांतरित कर लिए। एक अन्य मामले में उसने रिश्तेदारों और परिचितों को महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) के पांच-छह फ्लैट दिलाने का वादा किया।

आवंटन पत्र मांगने पर उसने बिल्डर के एक कर्मचारी के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाई और चैटजीपीटी की मदद से तैयार पत्र भेज दिए। पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों ने फ्लैट के लिए सोसायटी के खाते में पैसे जमा कराए। आवंटन नहीं होने पर आरोपी ने कुछ लोगों की रकम लौटा दी, लेकिन एक व्यक्ति को केवल आधी रकम वापस की।

इसके बाद उस व्यक्ति ने सोसायटी से संपर्क किया, जिससे कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़