Imphal East में RAF चौकी पर ग्रेनेड हमला, हेड कांस्टेबल घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इंफाल पूर्वी जिले में न्यू लांबुलाने स्थित आरएएफ चौकी के प्रवेश द्वार पर बृहस्पतिवार रात अज्ञात व्यक्ति ने ग्रेनेड फेंक दिया। इस धमाके में उत्तर प्रदेश के निवासी हेड कांस्टेबल धनंजय राय मामूली रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जेएनआईएमएस अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

इंफाल, नौ अक्टूबर इंफाल में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की एक चौकी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा ग्रेनेड फेंके जाने से त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) का एक हेड कांस्टेबल मामूली रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे हुई।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले हेड कांस्टेबल धनंजय राय इंफाल पूर्वी जिले में पोरोमपत थाना क्षेत्र के न्यू लांबुलाने स्थित आरएएफ चौकी के प्रवेश द्वार पर हुए विस्फोट में मामूली रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) अस्पताल ले जाया गया जहां से बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

मामले की जांच की जा रही है। किसी भी उग्रवादी संगठन ने अब तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़