Rahul Gandhi ने युवाओं से की प्रदर्शन जारी रखने की अपील, कहा संविधान की करेंगे रक्षा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच पर युवाओं से अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ खड़ी है और संविधान पर हमला करने वालों को हराएगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे किसी भी दबाव या गिरफ्तारी के आगे झुकने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने युवाओं से अपना विरोध जारी रखने का आह्वान करते हुए शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी उनके साथ खड़ी है और सरकार तथा संविधान पर हमला करने वालों को शिकस्त देना सुनिश्चित करेगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा तथा आरोप लगाया कि इनकी सबसे बड़ी पहचान ‘‘कायरता’’ है। गांधी ने दावा किया, ‘‘नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार, अजीत डोभाल इस कहानी के खलनायक हैं।

वे अब धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं। इनके चारों तरफ से दायरा सिमट रहा है।’’ उन्होंने कहा कि वह एक दशक से अधिक समय से मोदी, आरएसएस और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ लड़ रहे हैं तथा अपने विरोधियों को अच्छी तरह समझते हैं। गांधी ने कहा कि सरकार जितनी चाहे पुलिस बुला ले और नेताओं तथा युवाओं को गिरफ्तार कर ले, लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हम आपको (सरकार) चारों तरफ से घेर रहे हैं, और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें जिस जानकारी की जरूरत है, वह उनके पास पहले से मौजूद है। गांधी ने कहा कि वे संविधान की रक्षा करेंगे और देश की जनता की आवाज की हिफाजत करेंगे। उन्होंने पिछले 10-15 वर्षों में देश के साथ जो कुछ हुआ है, उसकी पुनरावृत्ति नहीं होने देने का संकल्प भी जताया।

उन्होंने युवाओं की सराहना करते हुए उनसे अपना विरोध जारी रखने की अपील की और कहा कि वे उनके साथ खड़े हैं। गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि मौजूदा सरकार और संविधान पर हमला करने वालों को शिकस्त मिले।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़