‘Bharat Jodo Yatra’ के पंजाब चरण की शुरुआत से पहले राहुल ने फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका

Bharat Jodo Yatra
प्रतिरूप फोटो
ANI
गांधी के साथ कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे। गांधी ने अंबाला जिले में यात्रा के हरियाणा चरण के समापन के बाद मंगलवार को अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में भी मत्था टेका था।

फतेहगढ़ साहिब। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने से पहले बुधवार सुबह गुरुद्वारा फतेहगढ़ साहिब में मत्था टेका। इस दौरान राहुल गांधी पगड़ी पहने और आधी बाजू की टी-शर्ट पहने नजर आए। गांधी के साथ कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे। गांधी ने अंबाला जिले में यात्रा के हरियाणा चरण के समापन के बाद मंगलवार को अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में भी मत्था टेका था। वह मंगलवार शाम फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद पहुंचे और रात को वहीं रुके। कड़ाके की सर्दी के बीच बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता यात्रा के लिए यहां एकत्र हुए थे।

इसे भी पढ़ें: असम के लखीमपुर में वन भूमि खाली कराने का अभियान जारी

यात्रा के पंजाब-चरण के कार्यक्रम के अनुसार, यह फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद से शुरू होगी और मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना, साहनेवाल, लुधियाना, गोराया, फगवाड़ा, जालंधर, दसुआ और मुकेरियां से होकर गुजरेगी। यात्रा के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश से पहले 19 जनवरी को पठानकोट में पार्टी की एक रैली होगी। गांधी सुबह और शाम तीन-तीन घंटे पैदल चलकर 25 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यात्रा 30 जनवरी तक श्रीनगर में पहुंचने पर समाप्त होगी, जहां गांधी जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। यह पदयात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से होकर गुजर चुकी है।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़