राहुल ने स्वच्छ भारत को लेकर मोदी को आड़े हाथ लिया

[email protected] । Apr 12 2016 3:26PM

राहुल गांधी ने आज स्वच्छ भारत अभियान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि स्वच्छता अभियान चलाने के लिए रणनीति और दृष्टिकोण का अभाव है।

मुंबई। राहुल गांधी ने आज स्वच्छ भारत अभियान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि स्वच्छता अभियान चलाने के लिए रणनीति और दृष्टिकोण का अभाव है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आज कचरा डालने के स्थल देवनार मैदान जाकर मुआयना किया जहां हाल में आग लगने की कई घटनाएं हुई हैं। राहुल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत के बारे में बात करते हैं। उनकी सरकार यहां सत्ता में है। भाजपा शिवसेना सरकार यहां है तथा यहां उनके बीच सहयोग है..लिहाजा प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री को कुछ करना चाहिए। उन्हें कुछ कार्रवाई करनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस कचरा डालने के मैदान को बंद कर देना चाहिए तथा कोई रणनीति निकालनी चाहिए मुद्दे का समाधान निकालने के लिए। केवल स्वच्छ भारत के बारे में बात करना और स्वच्छ भारत बनाना दो अलग बातें हैं। यह दुखद मामला है।’’ कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं महसूस कर रहा हूं कि यहां कोई रणनीति नहीं है। इस बात को लेकर कोई दृष्टिकोण नहीं है कि इसे कैसे स्वच्छ किया जाए हालांकि उन्होंने निश्चित तौर पर स्वच्छ भारत का नारा दिया है।’’ उन्होंने देवनार मैदान के आसपास रहने वाले लोगों से मुलाकात करने के बाद यह बात कही।

राहुल के साथ महाराष्ट्र के एआईसीसी प्रभारी मोहन प्रकाश एवं मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के प्रमुख संजय निरूपम भी थे। उन्होंने कहा कि वह इसलिए वहां गये क्योंकि पार्टी नेता चाहते थे कि वह स्वयं जाकर स्थिति को देखें। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां नागरिकों से मिला। एक आदमी रो रहा था। यह मैदान लोगों को नुकसान पहुंचा रहा है। यहां प्रदूषण है। बच्चों को तपेदिक हो रहा है। एक बच्चे की मौत हो चुकी है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़