मॉनसून सत्र का आज पांचवां दिन, राज्यसभा ने अशोक गस्ती, कपिला वात्स्यायन को दी श्रद्धांजलि

monsoon session

एम वेंकैया नायडू ने सुबह उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर भाजपा नेता अशोक गस्ती और कपिला वात्स्यायन के निधन का जिक्र किया। गस्ती उच्च सदन में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व कर रहे थे वहीं कपिला दो बार उच्च सदन की मनोनीत सदस्य रहीं।

नयी दिल्ली। राज्यसभा ने शुक्रवार को अपने मौजूदा सदस्य अशोक गस्ती और पूर्व सदस्य कपिला वात्स्यायन का निधन होनेपर उनको श्रद्धांजलि दी और उनके सम्मान में आधे घंटे के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी गयी। सभापति एम वेंकैया नायडू ने सुबह उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर भाजपा नेता अशोक गस्ती और कपिला वात्स्यायन के निधन का जिक्र किया। गस्ती उच्च सदन में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व कर रहे थे वहीं कपिला दो बार उच्च सदन की मनोनीत सदस्य रहीं। नायडू ने कहा कि 55 वर्षीय गस्ती का कल रात एक अस्पताल में निधन हो गया। वह गंभीर रूप से बीमार थे। पेशे से वकील गस्ती छात्र जीवन से सार्वजनिक जीवन में आ गए थे और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े हुए थे। 

इसे भी पढ़ें: राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्य अशोक गस्ती का कोरोना से निधन, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

समाज के पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए काम करने वाले गस्ती ने हाल ही में उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली थी लेकिन वह सदन की कार्यवाही में भाग नहीं ले सके। नायडू ने कहा कि वह गस्ती को उनके छात्र जीवन से ही जानते थे और वह जमीन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता थे। उन्होंने कहा कि अपने किसी सहयोगी को खोना काफी दुखद होता है। उन्होंने कपिला का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें पद्म विभूषण और राजीव गांधी सद्भावना पुरस्कार सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। उनकी शिक्षा-दीक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय, अमेरिका के मिशिगन विश्वविद्यालय और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में हुई थी। कपिला प्रख्यात शिक्षाविद और भारतीय संस्कृति एवं कला की विशेषज्ञ भी थीं। उनका 16 सितंबर को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं के सम्मान में कुछ क्षणों का मौन रखा और उसके बाद उनके सम्मान में सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी गयी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़