Rajiv Gandhi संग रोमांस को Sonia Gandhi ने बताया जादुई, साझा कीं यादें

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक के विमोचन पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपने प्रेम संबंधों और पत्रों के जरिए होने वाले संवाद को याद किया। उन्होंने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में वे दिल्ली के इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाने जाया करते थे। इसके अलावा उन्होंने शुरुआत में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लगने वाले डर और बाद में उनके साथ बने आत्मीय रिश्ते का भी जिक्र किया।
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपने पति एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ प्रेम संबंधों को याद करते हुए कहा कि उन दोनों का रोमांस जादुई था। उन्होंने अपनी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के अवसर पर राजीव गांधी के साथ शुरुआती मुलाकातों, प्रेम संबंधों और विवाह से जुड़े कई दिलचस्प प्रसंग साझा किए। उन्होंने बताया कि जब राजीव गांधी भारत लौट गए और वह इटली चली गईं, तब दोनों के बीच पत्रों के जरिए संवाद जारी रहा।
वे रोज एक-दूसरे को पत्र लिखते थे और अपनी जिंदगी में क्या हो रहा है, यह साझा करते थे। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि युवा राजीव गांधी पत्र में उनसे बार-बार यही कहते थे कि वह दोनों के बारे में अपने पिता से बात करें। सोनिया ने बताया कि उनके (सोनिया के) पिता काफी सख्त स्वभाव के थे और बाद में राजीव गांधी शादी के बारे में बात करने के लिए उनके पिता से मिलने आए थे।
सोनिया ने अपने पिता की सलाह का जिक्र करते हुए कहा कि राजीव गांधी से मुलाकात के बाद उनके पिता ने उनसे कहा था, ‘‘लड़के की आंखों में देखो, तुम्हें पता चल जाएगा कि वह कैसा इंसान है।’’ उन्होंने राजीव गांधी के साथ दिल्ली में बिताए शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन बहुत शांत और अच्छा था तथा वे आइसक्रीम खाने के लिए इंडिया गेट जाया करते थे। सोनिया ने कहा, ‘‘उन दिनों दिल्ली में मनोरंजन का यही एक प्रमुख साधन था।’’ उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि इंडिया गेट पर एक ‘‘सरदार जी’’ थे, जिनके यहां वह और राजीव गांधी अक्सर आइसक्रीम खाया करते थे। सोनिया गांधी ने विवाह के बाद अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ रिश्तों के बारे में भी खुलकर बात की।
कांग्रेस की शीर्ष नेता ने कहा कि शुरुआत में वह इंदिरा गांधी से बहुत डरती थीं। उनसे अपेक्षा की जाती थी कि वह इंदिरा गांधी को मां या मम्मी कहकर बुलाएं, लेकिन उनके लिए मां का अर्थ केवल उनकी इतालवी मां थीं, जिन्होंने जन्म दिया था। उन्होंने बताया, ‘‘मेरे लिए एक ही मां थीं और वह मेरी मां थीं, जो इटली में थीं।
मैं उन्हें (इंदिरा गांधी को) मां नहीं कहने वाली थी।’’ हालांकि, सोनिया गांधी ने बताया कि समय के साथ इंदिरा गांधी के साथ उनका रिश्ता सहज होता गया और धीरे-धीरे उन्होंने उन्हें ‘मां’ कहकर बुलाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को करीब से जानने और समझने में उन्हें समय लगा, लेकिन बाद में उनके बीच ऐसा आत्मीय रिश्ता बन गया कि वह उनसे निजी मामलों और व्यक्तिगत समस्याओं पर भी चर्चा कर सकती थीं। सोनिया ने कहा कि वह जिन विषयों पर इंदिरा गांधी से बात कर लेती थीं, उन पर अपने पिता या यहां तक कि अपनी मां से भी बात करने की हिम्मत नहीं कर पाती थीं।
उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी के साथ उनका रिश्ता धीरे-धीरे एक भरोसेमंद और आत्मीय संबंध में बदल गया था। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी से उन्हें अनुशासन, साहस और दृढ़ विश्वास के बारे में सीखने को मिला।
अन्य न्यूज़














