UEFA Nations League में England ने Spain को 3-2 से हराया, 10 खिलाड़ियों संग दर्ज की जीत

England vs Spain
प्रतिरूप फोटो
@England
Ankit Jaiswal । Nov 16 2026 11:05PM

मैड्रिड में खेले गए यूईएफए नेशंस लीग मुकाबले में इंग्लैंड ने स्पेन को 3-2 से हरा दिया। इलियट एंडरसन को लाल कार्ड मिलने के बाद इंग्लैंड को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, लेकिन टीम ने अंत तक स्पेन के हमलों का सामना किया। दोनों टीमों के 15 अंक रहे, लेकिन बेहतर गोल अंतर से इंग्लैंड ग्रुप ए3 में शीर्ष पर रहा।

मैड्रिड में यूईएफए नेशंस लीग के मुकाबले में 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद इंग्लैंड ने स्पेन को उसके घरेलू मैदान पर 3-2 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने ग्रुप ए3 में गोल अंतर के आधार पर पहला स्थान हासिल कर लिया।

मुकाबले से पहले स्पेन ने मैदान पर अपने विश्व कप की ट्रॉफी का प्रदर्शन किया था। लेकिन मैच शुरू होते ही इंग्लैंड ने मेजबान टीम पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। पहले हाफ में इंग्लैंड के खिलाड़ी लगातार आक्रमण करते रहे और स्पेन को अपना खेल दिखाने का मौका नहीं दिया। शुरुआती मिनटों में जूड बेलिंगहम के पास गोल करने का अच्छा मौका था, लेकिन स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने शानदार बचाव करते हुए गेंद को रोक लिया। पहले 45 मिनट में स्पेन की टीम एक भी बार इंग्लैंड के गोल पर सीधा निशाना नहीं लगा सकी।

पहले हाफ के आखिरी पलों में इंग्लैंड को पेनल्टी मिली। हैरी केन गेंद लेकर स्पेन के गोल क्षेत्र में पहुंचे, जहां पाउ कुबार्सी की चुनौती के कारण वह गिर पड़े। कुछ देर तक वीडियो सहायक रेफरी से जांच के बाद पेनल्टी का फैसला बरकरार रहा। केन ने इस मौके को भुनाते हुए गेंद गोलपोस्ट के दाईं ओर डाल दी। यह इंग्लैंड के लिए उनका 93वां अंतरराष्ट्रीय गोल था। उन्होंने अपना 127वां मुकाबला खेलते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। 53वें मिनट में डेक्लन राइस ने कॉर्नर से गेंद बॉक्स में पहुंचाई, जिस पर एजरी कोन्सा ने शानदार हेडर लगाकर गोल कर दिया। इसके 4 मिनट बाद इंग्लैंड ने एक और हमला किया। जूड बेलिंगहम ने बेन व्हाइट को गेंद दी और उन्होंने गोलकीपर उनाई सिमोन को छकाते हुए गेंद गोलपोस्ट में पहुंचा दी। इस तरह इंग्लैंड 3-0 से आगे हो गया।

हालांकि, मुकाबले का रुख 65वें मिनट में बदल गया। इंग्लैंड के जेरेल क्वांसाह से अपने ही हाफ में गेंद छिन गई। इसके बाद लैमिन यामाल गोल की तरफ बढ़े, लेकिन इलियट एंडरसन ने उन्हें रोकने के लिए हाथ का इस्तेमाल किया। गोल करने का साफ मौका रोकने के कारण रेफरी ने एंडरसन को सीधे लाल कार्ड दिखा दिया। वीडियो समीक्षा के बाद भी फैसला बरकरार रहा और इंग्लैंड को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

इसका फायदा स्पेन ने तुरंत उठाया। मिकेल ओयारजाबाल ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया। इसके बाद 75वें मिनट में लैमिन यामाल के क्रॉस पर स्थानापन्न खिलाड़ी निको विलियम्स ने गोल दागकर स्पेन की वापसी की उम्मीद जगा दी।

आखिरी मिनटों में स्पेन ने इंग्लैंड के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए। इंजरी टाइम में स्थानापन्न गोलकीपर जेम्स ट्रैफर्ड ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले फर्मिन लोपेज के शॉट को रोका और फिर तेजी से उठकर आयमेरिक लापोर्ट के अगले प्रयास को भी गोल में जाने से बचा लिया।

इस जीत के साथ इंग्लैंड और स्पेन दोनों के 15-15 अंक रहे, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण इंग्लैंड ग्रुप ए3 में शीर्ष पर रहा। इंग्लैंड ने लगातार 10वीं बार विदेशी मैदान पर जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड भी बनाया। वहीं, स्पेन की 43 मुकाबलों से चली आ रही अजेय रहने की लय टूट गई। उसे इससे पहले मार्च 2024 में कोलंबिया के खिलाफ हार मिली थी।

गौरतलब है कि दोनों टीमों को अगले साल मार्च में होने वाले क्वार्टर फाइनल के लिए अपने प्रतिद्वंदियों का पता चलेगा। इंग्लैंड का मुकाबला दूसरे ग्रुपों में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों में से किसी एक से होगा, जबकि स्पेन को दूसरे ग्रुप के विजेताओं में से किसी एक का सामना करना होगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़