गिलगिट, बलूचिस्तान पर सभी एक आवाज में बोलें: नायडू

[email protected] । Aug 16 2016 5:16PM

बलूचिस्तान और गिलगिट पर सभी दलों से एक आवाज में बोलने की अपील करते हुए वेंकैया नायडू ने कहा कि सभी को ऐसा बयान देने से बचना चाहिए जो भारत के हितों पर आघात करता हो।

बलूचिस्तान और गिलगिट जैसे मुद्दों पर कांग्रेस सहित सभी दलों से एक आवाज में बोलने की अपील करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने आज कहा कि सभी को ऐसा बयान देने से बचना चाहिए जो भारत के हितों पर आघात करता हो। नायडू की प्रतिक्रिया कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद द्वारा उठाए गए सवाल पर आई है। खुर्शीद ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में बलूचिस्तान का मुद्दा उठाने के लिए प्रधानमंत्री की आलोचना की थी।

नायडू ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा, ‘‘जहां तक अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की बात है भारत को एक आवाज में बोलना चाहिए। लेकिन दुर्भाग्य से पार्टी के अंदर भी कांग्रेस एक आवाज में नहीं बोल रही है। सलमान खुर्शीद ने एक बयान दिया, कपिल सिब्बल ने एक बयान दिया जिसके बाद कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी बयान दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं मुख्य विपक्षी दल से केवल अपील करता हूं कि कृपया देश के साथ चलिए। परिणामों को समझने का प्रयास कीजिए। हम सभी को एक आवाज में बोलना चाहिए। हमारा पड़ोसी हमारे देश में लगातार आतंकवाद का सहयोग और वित्त पोषण कर रहा है। इसे ऐसे नहीं चलने देना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी दलों से अपील करता हूं कि ऐसा कोई बयान नहीं दीजिए जिससे भारत की भावना आहत होती है।’’ खुर्शीद ने सोमवार को मोदी पर आरोप लगाया था कि अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में बलूचिस्तान का मुद्दा उठाकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर भारत के मामले को वह ‘‘कमजोर’’ कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस ने बाद में इस टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया और सरकार से कहा कि वह पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय वार्ताओं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ‘‘बलूचिस्तान और पीओके में हो रहे अत्याचार’’ के मुद्दे को उठाए।

कश्मीर पर पाकिस्तान के रूख का कड़ा संज्ञान लेते हुए नायडू ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत सरकार और राज्य सरकार कश्मीर में स्थितियों से निपटने में सक्षम हैं। राज्य में एक निर्वाचित सरकार है।’’ नायडू ने कहा, ‘‘वे हमें कश्मीर पर व्याख्यान देने का प्रयास कर रहे हैं इसलिए हमने उन्हें बलूचिस्तान, पीओके और गिलगिट की स्थितियों के बारे में बताया। वे वहां पर मानवाधिकार हनन, जनसंहार और अत्याचार पर ध्यान केंद्रित करें।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़