राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने छात्रों को दी सलाह, कहा- अपने जीवनचर्या में योग एवं व्यायाम को अपनाएं

Draupadi Murmu

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आप ध्यान/प्राणायाम करें। यह हमें मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में हमारी मदद करता है तथा नकारात्मक विचार भी मन में नहीं आने देता।

रांची। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को छात्रों को अपने जीवनचर्या में योग एवं व्यायाम अपनाने और नकारात्मकता से बचने की सलाह दी। मुर्मू ने साईनाथ विश्वविद्यालय के एक वेबिनार में छात्रों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए यह सीख दी। राज्यपाल ने कहा, ‘‘आप सभी अपनी दिनचर्या में योग एवं व्यायाम को भी अपनायें। आप जो स्कूल में व्यायाम और पीटी करते थे, उसे आज फिर कर पूरे शरीर को ऊर्जान्वित करें। पसंद के अनुकूल संगीत भी सुनें। अपने साथियों से अपनी रूचि के विषयों पर चर्चा करें।’’ 

इसे भी पढ़ें: प्रह्लाद पटेल ने जताई उम्मीद, कहा- योग दिवस पर मेरे साथ एक करोड़ लोग करेंगे सूर्य नमस्कार 

मुर्मू ने कहा, ‘‘आप ध्यान/प्राणायाम करें। यह हमें मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में हमारी मदद करता है तथा नकारात्मक विचार भी मन में नहीं आने देता। अपने शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करें। हर हाल में नकारात्मकता से दूर रहें।’’ उन्होंने आयुष मंत्रालय द्वारा की गयी काढ़ा की सिफारिशों को अपनाने की भी सलाह दी। उन्होंने छात्रों को अपने मोबाइल पर आरोग्य सेतु ऐप भी डाउनलोड करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस समय जो देश की स्थिति है उससे हर एक व्यक्ति के मन में डर बना हुआ है। कोरोना के मामलों में निरंतर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस संक्रमण के प्रसार में कमी लाने के उद्देश्य से देशभर में लॉकडाउन भी किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़