Supreme Court ने Bihar के जज को लगाई फटकार, कहा न्यायिक शक्तियों में बाहुबली न बनें

उच्चतम न्यायालय ने सासाराम के न्यायिक अधिकारी द्वारा पुलिस अधीक्षक को अवमानना में दोषी ठहराने पर सख्त नाराजगी जताई है। अदालत ने कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए बाहुबली जैसा आचरण स्वीकार्य नहीं है। पीठ ने अधिकारी की कानून की समझ पर सवाल उठाते हुए उन्हें राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण के लिए भेजने की बात कही।
प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देशों का पालन नहीं करने पर एक पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दोषी ठहराने और उन पर जुर्माना लगाने वाले बिहार के न्यायिक अधिकारी को सोमवार को फटकार लगाते हुए उच्चतम न्यायालय ने कहा कि “बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करें”। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने बिहार के न्यायाधीश अनिल कुमार के आचरण पर सवाल उठाए और कहा कि कानून की उनकी समझ बेहद भयावह है। न्यायमूर्ति बागची ने मौखिक टिप्पणी में कहा, “कानून की आपकी समझ से हम वास्तव में हैरान हैं।
आपको पहले बीएनएसएस की धारा 384 और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 345 के दायरे और व्यापकता को समझना चाहिए। यदि कोई किसी को थप्पड़ मारता है या अदालत में गाली-गलौज करता है, या निर्देश दिए जाने के बावजूद अदालत कक्ष से बाहर जाने से इनकार करता है, तो यह अदालत के समक्ष किया गया अपराध है। लेकिन यदि हम किसी को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देते हैं और वह ऐसा नहीं करता, तो यह अदालत के समक्ष किया गया अपराध नहीं है।” उन्होंने कहा, “कानून की आपकी समझ बेहद भयावह है।
आपने इतना आक्रामक रुख भी अपनाया, अधीक्षक को फोन किया और उसी दिन उसे दोषी ठहरा दिया।” न्यायमूर्ति बागची ने कहा, “जब आपने जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाया, उनकी अनुपस्थिति को अदालत के सामने किया गया अपराध माना और उन्हें दोषी ठहराकर सजा सुनाई, तब क्या आप अपने अधिकार क्षेत्र और न्यायिक शक्तियों के दायरे में थे? आप भी अपने हाथ रोकिए। मर्यादा में रहें।” न्यायालय ने कहा कि न्यायिक अधिकारी को प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी भेजा जाना चाहिए।
न्यायिक अधिकारी की पटना उच्च न्यायालय के उनके आदेश पर रोक लगाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) ने मौखिक रूप से कहा, “अपने मुवक्किल से न्यायिक शक्तियों का प्रयोग करते समय ‘बाहुबली’ की तरह व्यवहार करना बंद करने को कहें।” रोहतास के सासाराम स्थित जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-चतुर्थ ने 29 सितंबर, 2026 को तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहतास एवं आईपीएस अधिकारी रोशन कुमार को अदालत के आदेशों की जानबूझकर अवहेलना करने के मामले में दोषी ठहराया और उन पर एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया। उन्होंने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिया कि अदालत की टिप्पणियों को संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में दर्ज किया जाए। साथ ही, उन्होंने केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों के प्रशिक्षण में व्यापक बदलाव करने को कहा, ताकि उसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के अधिक अनुरूप बनाया जा सके।
पटना उच्च न्यायालय ने इससे पहले रोहतास में तैनाती के दौरान एसपी पर अदालत की अवमानना के लिए एक रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश पर रोक लगा दी थी। सासाराम के एक अपर सत्र न्यायाधीश ने 29 सितंबर को अधिकारी को उस व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के अदालत के आदेश की अवहेलना करने का दोषी ठहराया, जिसने 2023 में निपटाए गए एक आपराधिक मामले में झूठी गवाही दी थी।
अन्य न्यूज़














