Surat में पशुओं का टॉनिक बच्चों की दवा बनाकर बेचने वाला मेडिकल स्टोर संचालक अरेस्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सूरत पुलिस के विशेष अभियान समूह ने गोपीपुरा इलाके में एक दवा दुकान पर छापा मारकर संचालक मोहम्मद साजिद इब्राहिम मुल्ला को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पशुओं के लिव.52 प्रोटेक लिक्विड को छोटी बोतलों में भरकर बच्चों के ड्रॉप्स के फर्जी लेबल लगाता था। अठवा थाने में मामला दर्ज कर 31 हजार रुपये से अधिक का सामान जब्त किया गया है।

गुजरात के सूरत में पुलिस ने पशुओं के टॉनिक को दोबारा पैक करके बच्चों की दवा के रूप में अधिक कीमत पर बेचने के आरोप में एक दवा दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजदीपसिंह नकुम ने बुधवार को बताया कि सूरत पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) की एक टीम ने शहर के गोपीपुरा इलाका में एक दवा दुकान पर छापा मारा और उसके मालिक मोहम्मद साजिद इब्राहिम मुल्ला (51) को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुल्ला हिमालय लिव.52 प्रोटेक लिक्विड वेटरनरी फीड सप्लीमेंट के एक और पांच लीटर के बड़े डिब्बों से तरल पदार्थ निकालता था और उसे खुद ही 60 और 100 मिलीलीटर की बोतलों में भर देता था।

इसके बाद वह इन बोतलों पर हिमालय लिव.52 ड्रॉप्स (बच्चों का उत्पाद) के नकली लेबल लगा देता था। डीसीपी के अनुसार, हिमालय लिव.52 प्रोटेक लिक्विड वेटरनरी फीड सप्लीमेंट पशुओं की दवा है। उन्होंने बताया कि आरोपी इस उत्पाद को उसकी मूल कीमत से दोगुनी कीमत पर बेचता था।

उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान 31,195 रुपये मूल्य की सामग्री और अन्य सामान जब्त किए गए हैं। इस संबंध में अठवा थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़