Surat के फार्महाउस में बर्थडे Liquor Party पर छापा, 8 महिलाओं समेत 22 लोगों को पुलिस ने पकड़ा

गुजरात के सूरत शहर में पुलिस ने सुल्तानाबाद स्थित एक फार्महाउस में दबिश देकर मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन के आरोप में 22 लोगों को हिरासत में लिया है। एसीपी श्वेता डेनियल्स के अनुसार, एक महिला के जन्मदिन के जश्न के लिए आयोजित इस कार्यक्रम से आठ महिलाओं और 14 पुरुषों को पकड़ा गया, साथ ही नौ कारें, शराब की बोतलें और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
गुजरात के सूरत शहर में पुलिस ने शनिवार को एक फार्महाउस में आयोजित की जा रही शराब पार्टी पर छापा मारकर आठ महिलाओं समेत 22 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त श्वेता डेनियल्स ने संवाददाताओं को बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सुल्तानाबाद इलाके में स्थित ‘बापूजी नी वाडी’ फार्महाउस पर छापा मारा।
उन्होंने बताया कि वहां 25 से 30 वर्ष की आयु के पुरुषों और महिलाओं का एक समूह कथित तौर पर शराब का सेवन करते हुए मिला। अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने मौके से आधे भरे गिलास, शराब की पांच खुली बोतलें और बीयर की बोतलें बरामद कीं। अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा नौ कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह पार्टी वहां मौजूद महिलाओं में से एक के जन्मदिन के जश्न के रूप में आयोजित की गई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में 14 पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं। ये सभी सूरत के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं गुजरात में मद्यनिषेध लागू है।
यहां शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और सेवन पर प्रतिबंध है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में गुजरात मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच जारी है।
अन्य न्यूज़














