Suvendu Adhikari का 'एक्शन मोड', सुब्रत गुप्ता बने सलाहकार, CMO से 16 अधिकारियों का तबादला

Suvendu Adhikari
ANI

पश्चिम बंगाल में नई सरकार ने एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत सेवानिवृत्त आईएएस सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया है, जिसका उद्देश्य नीति समन्वय और शासन को मजबूत करना है। शांतनु बाला की मुख्यमंत्री के निजी सचिव के रूप में नियुक्ति और कई अधिकारियों के तबादले सरकार द्वारा प्रशासनिक पुनर्गठन की रणनीति को दर्शाते हैं।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी सुब्रत गुप्ता को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया गया। शनिवार को जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गयी। अधिसूचना के मुताबिक, 1990 बैच के अधिकारी गुप्ता को हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों से पहले हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किया गया था। एक अधिकारी ने बताया, “गुप्ता के व्यापक अनुभव से नई सरकार को नीति समन्वय और शासन संबंधी मामलों में मदद मिलने की उम्मीद है।”

एक अन्य अधिसूचना के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई सरकार ने आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव नियुक्त किया। अधिसूचना में बताया गया कि 2017 बैच के अधिकारी बाला इससे पहले दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट थे। एक अन्य अधिकारी ने बताया, “बाला की नियुक्ति सरकार परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के पुनर्गठन का हिस्सा है।”

अधिसूचनाओं के अनुसार, दोनों अधिकारियों को तत्काल नया कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है। सरकार ने तृणमूल सरकार के दौरान मंत्रियों के निजी सचिवों और विशेष कार्यपालकों (ओएसडी) के रूप में तैनात 46 अधिकारियों का तबादला कर दिया। सरकार ने मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात 16 अधिकारियों का भी तबादला कर दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़