बिहार विधान परिषद चुनाव: Tejashwi Yadav ने INDIA गठबंधन में दरार से किया इनकार

राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को पटना में कहा कि आगामी विधान परिषद चुनाव में अलग-अलग उम्मीदवार उतारने से विपक्षी गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है। दोनों दलों ने 23 अक्टूबर को आठ सीटों पर होने वाले मतदान के लिए अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। यादव ने स्पष्ट किया कि सहयोगी दल पहले भी ऐसे चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ते रहे हैं।
पटना, तीन अक्टूबर राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने विधान परिषद चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन में किसी विवाद से शनिवार को इनकार किया और कहा कि गठबंधन में शामिल दल पहले भी ये चुनाव अलग-अलग लड़ चुके हैं। कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 23 अक्टूबर को विधान परिषद की आठ सीट पर होने वाले चुनाव के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। यादव ने कहा, चाहे वह स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव हों, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के या स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधियों के चुनाव हों, वाम दल, कांग्रेस और राजग हमेशा अलग-अलग लड़ते रहे हैं।
उन्होंने यह बात दिल्ली से पटना लौटने के बाद पत्रकारों से कही। वह दिल्ली में आईआरसीटीसी होटल कथित घोटाला मामले में राउज एवेन्यू अदालत में हुई सुनवाई में शामिल होने गए थे। राजद नेता ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी आगामी विधान परिषद चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
एक दिन पहले कांग्रेस ने भी विपक्षी गठबंधन के अंदर किसी विवाद की अटकलों को खारिज किया था। कांग्रेस के बिहार अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पार्टी का फैसला हमारे कार्यकर्ताओं की भावनाओं और जनता की इस धारणा के अनुसार लिया गया है कि कांग्रेस भाजपा के समक्ष मुख्य चुनौती बनकर उभर रही है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने इस संबंध में एक कार्ययोजना तैयार की है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विस्तार से जानकारी दिए बिना कहा, “विपक्षी सांसद छह अक्टूबर को विरोध मार्च निकालेंगे।” उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन सीईसी ज्ञानेश कुमार और “उन्हें सत्ता के उस पद पर पहुंचाने वालों” द्वारा किए गए “पापों” के लिए सजा सुनिश्चित करेगा। दिल्ली में हुई अदालत की सुनवाई के बारे में राजद नेता ने कहा कि उनका परिवार नियमित रूप से अदालती कार्यवाही पर नजर रख रहा है और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने लालू प्रसाद के परिवार को झूठे मामले में फंसाया है।
अन्य न्यूज़













