Tenkasi से Kerala में खनिज परिवहन पर रोक जारी रहेगी: तमिलनाडु मंत्री

तमिलनाडु के पर्यावरण मंत्री वी. के. राजीव ने स्पष्ट किया कि तेनकासी जिले से पड़ोसी राज्य केरल में खनिज संसाधनों की ढुलाई पर लगी तीन महीने की पाबंदी हटाई नहीं जाएगी। यह रोक पर्यावरण और वन्यजीव सुरक्षा के मद्देनजर आगे भी प्रभाव में रहेगी। इसके अलावा आगामी त्योहारों पर ध्वनि व वायु प्रदूषण रोकने के लिए हरित पटाखों के उपयोग की अपील की गई है।
तमिलनाडु के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री वी. के. राजीव ने कहा है कि तेनकासी जिले से पड़ोसी राज्य केरल में खनिज संसाधनों के परिवहन पर लगा प्रतिबंध जारी रहेगा। मंत्री ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि केरल में खनिजों के परिवहन पर तीन महीने के लिए लगाई गई मौजूदा रोक नहीं हटाई जाएगी और यह आगे भी जारी रहेगी। राजीव ने कहा, ‘‘प्रतिबंध लागू है और यह जारी रहेगा।’’ मंत्री ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर पर्यावरण से जुड़ी चिंताओं का जिक्र करते हुए लोगों से वायु एवं ध्वनि प्रदूषण कम करने के लिए पर्यावरण अनुकूल ‘हरित पटाखों’ का इस्तेमाल करने और तेज आवाज वाले पटाखों, विशेष रूप से पटाखों की लड़ियां जलाने से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि तेनकासी पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील जिला है, जहां बड़े पैमाने पर जंगल हैं और वन्यजीव भी पाए जाते हैं इसलिए त्योहार इस तरह मनाना जरूरी है कि वन्यजीवों को कोई परेशानी न हो। मंत्री ने बताया कि विभाग दीपावली के दौरान सुरक्षा बरतने और प्रदूषण पर नियंत्रण से संबंधित सलाह जल्द ही जारी करेगा। राजीव ने प्रदूषण कम करने और एकल इस्तेमाल वाले प्लास्टिक का उपयोग घटाने के प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि पर्यावरण में प्राकृतिक रूप से नष्ट होने वाली वस्तुएं बनाने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘स्टार्टअप टीएन’ के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है।
उन्होंने कहा कि विवाह समारोह स्थलों के मालिकों को एकल इस्तेमाल वाली प्लास्टिक की बोतलों की जगह कागज के कप या पानी के जग इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि जिले के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को बार-बार इस्तेमाल की जा सकने वाली स्टील की पानी की बोतलें उपलब्ध कराने के लिए संभावित प्रायोजकों की मदद लेने पर भी विचार किया जा रहा है।
अन्य न्यूज़














