उप्र में सुनियोजित ढंग से तनाव फैला रही सपा: भाजपा
केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने भाजपा की प्रान्तीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन करते हुए कहा, ‘‘सपा सरकार सुनियोजित तरीके से प्रदेश में तनाव पैदा कर रही है।''''
झांसी। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी पर सूबे में सुनियोजित तरीके से तनाव पैदा करने का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं का जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का आह्वान किया। केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने भाजपा की प्रान्तीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन करते हुए कहा, ‘‘सपा सरकार सुनियोजित तरीके से प्रदेश में तनाव पैदा कर रही है। राज्य की जनता इससे तंग आ गयी है और अब वह बदलाव चाहती है। भाजपा ही उसे विकल्प दे सकती है।’’
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अच्छा प्रशासन चाहती है लेकिन जिन लोगों पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है, वे ही अत्याचार कर रहे हैं। हर तरफ अराजकता है। जनता को जिस विकल्प की तलाश है, वह भाजपा दे सकती है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देना होगा।
केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए बसपा और सपा सरकार के ‘जनविरोधी’ कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। मिश्र ने जोर देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार दलितों, किसानों और गरीबों के हित के लिये काम कर रही है, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार जरूरतमंद लोगों को वित्तीय सहायता तक नहीं बांट पा रही है। बुंदेलखण्ड की बदहाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार इस क्षेत्र में और औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने का प्रस्ताव लायेगी।
भाजपा के प्रान्तीय अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने इस मौके पर कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को ‘पुत्र मोह’ छोड़ देना चाहिये और भाजपा तब तक अपना विरोध जारी रखेगी, जब तक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कुर्सी नहीं छोड़ देते। अखिलेश को सबसे ‘नाकाम’ मुख्यमंत्री बताते हुए मौर्य ने कहा कि सपा विकास विरोधी पार्टी है। उन्होंने बुलन्दशहर सामूहिक बलात्कार काण्ड के बारे में प्रदेश के वरिष्ठ काबीना मंत्री आजम खां के बयान की आलोचना भी की। भाजपा नेता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ना सिर्फ वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के लिये बल्कि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिये भी तैयारी करें। प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने के मकसद से आयोजित भाजपा की दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता तथा केन्द्रीय मंत्री हिस्सा ले रहे हैं।
अन्य न्यूज़