मदुरै के Thirupparankundram में निषेधाज्ञा लागू, 5600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

मदुरै जिला प्रशासन ने तिरुप्परनकुंद्रम में दीपथून पर दीप प्रज्ज्वलन के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के क्रियान्वयन को लेकर निषेधाज्ञा लागू की है। 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक सार्वजनिक सभाओं और बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत क्षेत्र को अस्थायी रेड जोन घोषित कर ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
मदुरै जिला प्रशासन ने दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर परंपरागत दीप प्रज्ज्वलित करने संबंधी उच्चतम न्यायालय के निर्देश के क्रियान्वयन को लेकर जारी गतिरोध के बीच सोमवार रात से पूरे तिरुप्परनकुंद्रम में निषेधाज्ञा लागू कर दी और पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पुलिस ने सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को रोकने के लिए पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून की घेराबंदी की है और उसकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। तिरुप्परनकुंद्रम में आज आयोजित दीपम उत्सव में भाग लेने की योजना बना रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और हिंदू समर्थक संगठन ‘हिंदू मुन्नानी’ के कुछ सदस्यों को नजरबंद कर दिया गया है।
मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्णा ने सोमवार रात निषेधाज्ञा लागू की, जो 23 नवंबर की रात नौ बजे से 25 नवंबर को पूर्वाह्न 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत सार्वजनिक सभाओं, रैलियों और बिना अनुमति तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, परंपरागत पूजा-अर्चना, मंदिर के नियमित धार्मिक अनुष्ठानों, दरगाह में नियमानुसार प्रवेश और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के क्रियान्वयन से संबंधित गतिविधियों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
पहाड़ी, मंदिर की सीढ़ियों, गिरिवलम (परिक्रमा) मार्ग और आसपास के इलाकों में 5,600 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, 23 और 24 नवंबर को ड्रोन के संचालन पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। मदुरै शहर के पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन ने ड्रोन नियमावली, 2016 के नियम 24 के तहत तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी और जिले के आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी ‘रेड जोन’ घोषित करते हुए दो दिनों के लिए ड्रोन और मानवरहित हवाई यानों (यूएवी) के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
यह प्रतिबंध पूरी तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी (उसकी चोटी सहित), गिरिवलम (परिक्रमा) मार्ग, तिरुप्परनकुंद्रम के प्रवेश द्वार से 16 स्तंभों वाले मंडप तक के क्षेत्र तथा परिक्रमा मार्ग और पहाड़ी की तलहटी के बीच के इलाकों में लागू रहेगा। पुलिस ने कहा कि संबंधित अधिकारियों की पूर्व अनुमति के बिना ड्रोन का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह प्रतिबंध उच्चतम न्यायालय के 20 नवंबर के अंतरिम आदेश के बाद किए गए व्यापक सुरक्षा उपायों का हिस्सा है जिनमें सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा 70 से अधिक नए सीसीटीवी और चेहरा पहचानने की तकनीक से लैस कैमरे लगाना शामिल है।
शीर्ष अदालत ने 24 नवंबर को सिकंदर बादशाह दरगाह के पास पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर केवल एक बार कार्तिगई दीपम का परंपरागत दीप प्रज्ज्वलित करने की अनुमति दी थी। अदालत ने स्पष्ट किया था कि केवल अधिकृत दल ही दीप प्रज्ज्वलित करेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी की चोटी पर आम लोगों के प्रवेश, जुलूसों और सभाओं पर रोक रहेगी। पुलिस ने कार्तिगई दीपम उत्सव के मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तिरुप्परनकुंद्रम और आसपास के इलाकों में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
करीब 5,618 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें दक्षिणी जिलों के 12 पुलिस अधीक्षक, आठ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 132 पुलिस निरीक्षक शामिल हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के करीब 12 अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा दल गठित किए गए हैं। दक्षिणी क्षेत्र के पुलिस प्रमुख के कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, दक्षिणी जिलों में सेवारत 28 वरिष्ठ अधिकारियों को भी सुरक्षा ड्यूटी के लिए मदुरै बुलाया गया है।
इनमें एक पुलिस उपायुक्त, छह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 21 पुलिस उपाधीक्षक/सहायक पुलिस आयुक्त शामिल हैं। इस बीच पूर्व राज्यपाल एवं भाजपा नेता डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन ने प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के प्रमुख थोल तिरुमावलवन और अन्य लोगों को सोमवार को तिरुप्परनकुंद्रम में दीप प्रज्ज्वलित करने के विरोध में प्रदर्शन करने की अनुमति कैसे दी गई और अपनी सहूलियत के अनुसार इसे ‘‘धार्मिक सौहार्द के लिए प्रदर्शन’’ कैसे करार दिया गया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लेकिन जब हिंदू नेता और भाजपा पदाधिकारी शांतिपूर्ण तरीके से परंपरागत दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील करते हैं, तो उन्हें नजरबंद कर दिया जाता है।
यह कैसा लोकतंत्र है? क्या धार्मिक सौहार्द केवल एक पक्ष का विशेषाधिकार है? हिंदुओं की जायज आवाज को क्यों दबाया जा रहा है?
यह तमिलनाडु में खुलेआम राजनीतिक दोहरे मानदंड और चुनिंदा तुष्टीकरण के अलावा कुछ नहीं है।’’
अन्य न्यूज़














