चार बार के विधायक रहे TMC नेता अर्जुन सिंह भाजपा में शामिल

tmc-leader-arjun-singh-joins-bjp-in-four-times
[email protected] । Mar 14 2019 8:30PM

हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने सिंह के भाजपा में शामिल होने को कुछ खास महत्व नहीं दिया और उन्हें अपनी सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

नयी दिल्ली। पश्चिम बंगाल की भाटापारा सीट से तृणमूल कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह बृहस्पतिवार को भाजपा में शामिल हो गए। चार बार के विधायक सिंह के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को आम चुनावों में पश्चिम बंगाल में काफी लाभ मिलने की संभावना है। भाटपारा से तृणमूल कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह भाजपा मुख्यालय में पार्टी के पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।

हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने सिंह के भाजपा में शामिल होने को कुछ खास महत्व नहीं दिया और उन्हें अपनी सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की चुनौती दी। दिल्ली में भाजपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि पुलवामा आतंकवादी हमले को लेकर तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की टिप्पणी से उन्हें बहुत सदमा पहुंचा था। सिंह ने कहा, ‘‘मैंने ममता बनर्जी को 30 साल दिए। पुलवामा आतंकवादी हमले पर उनकी टिप्पणी से मैं सकते में हूं। उनके बयान ने देश को हिला कर रख दिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना ने जब हवाई हमला किया तो उन्होंने मारे गए आतंकवादियों की संख्या पूछी। यदि किसी नेता के दिमाग में राष्ट्रहित नहीं है तो वह अपने मतदाताओं के साथ कुछ भी अच्छा नहीं कर सकता है।’’

इसे भी पढ़ें: भाजपा और कांग्रेस में पक रही है खिचड़ी: अरविंद केजरीवाल

सूत्रों ने बताया कि उत्तर 24 परगना जिले की भाटपारा सीट से चार बार के विधायक सिंह संभवत: लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी के खिलाफ भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। उनका कहना है कि सिंह लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से बनर्जी से नाराज थे। बनर्जी पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा, ‘‘पहले तृणमूल कांग्रेस ‘मां, माटी, मानुष’ के लिए लड़ती थी लेकिन अब यह सिर्फ पैसा, पैसा और पैसा हो गया है।’’ गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित सांसद अनुपम हाजरा तथा कुछ और नेता कुछ ही दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये थे। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौमित्र खान भी भाजपा में शामिल हुए थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़