Tripura TTAADC: ग्राम समिति चुनाव के लिए 44 केंद्रों पर मतगणना शुरू

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के तहत 587 ग्राम समितियों के लिए 44 केंद्रों पर मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। राज्य के आठ जिलों में 28 सितंबर को हुए मतदान में 81 प्रतिशत वोट पड़े थे। मतपत्रों से हुए इस चुनाव के नतीजे आने में कुछ समय लग सकता है।

अगरतला, पांच अक्टूबर त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के तहत ग्राम समिति चुनाव के लिए मतगणना सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पूर्वोत्तर राज्य के आठ जिलों में 587 ग्राम समितियों के लिए चुनाव 28 सितंबर को हुए थे।

इसमें 81 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अनुराग सेन ने कहा, ‘‘सोमवार सुबह आठ बजे सभी 44 मतगणना केंद्रों पर ग्राम समितियों के लिए मतों की गिनती शुरू हुई।’’ उन्होंने कहा कि मतदान मतपत्रों के जरिए हुआ था इसलिए मतगणना संपन्न होने में कुछ समय लगेगा। मतदान के दिन वारेन्गबारी में हुई गोलीबारी की घटना में टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) का एक उम्मीदवार घायल हो गया था जिसके बाद गोमती जिले के आदिवासी इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई।

चुनाव में 587 ग्राम समितियों की कुल 4,597 सीट में से 2,950 सीट के लिए मतदान हुआ। टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 1,644 सीट पर निर्विरोध जीत दर्ज की। टीएमपी, भाजपा, माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी), कांग्रेस और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के कुल 8,176 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

टीटीएएडीसी क्षेत्र में त्रिपुरा का करीब दो-तिहाई हिस्सा आता है और राज्य के 60 सदस्यीय विधानसभा में करीब 20 विधायक इस क्षेत्र से चुनकर आते हैं। इसलिए ग्राम समिति चुनाव के नतीजों को 2028 के राज्य विधानसभा चुनाव में टीएमपी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में सहयोगी टीएमपी ने अप्रैल में हुए जनजातीय परिषद चुनाव में 28 में से 24 सीट जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था।

दोनों दलों ने टीटीएएडीसी चुनाव अलग-अलग लड़ा था लेकिन ग्राम समिति चुनाव वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बैनर तले मिलकर लड़ रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़