Tripura TTAADC: 587 ग्राम समितियों की 2,950 सीटों पर मतदान शुरू

Tripura Ttaadc
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के तहत आने वाली ग्राम समितियों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जा रहा है। 1,095 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शांतिपूर्ण ढंग से वोट डाले जा रहे हैं। परिषद क्षेत्र की 1,644 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के तहत 587 ग्राम समितियों के चुनाव के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पारंपरिक परिधान पहने आदिवासी पुरुष और महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान केंद्रों के बाहर कतार में खड़े नजर आए।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अनुराग सेन ने कहा, ‘‘सभी जिलों में 1,095 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ और यह शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।’’ छठी अनुसूची क्षेत्र की 587 ग्राम समिति में कुल 4,597 सीट हैं।

इनमें से 2,950 सीट के लिए मतदान हो रहा है, जबकि 1,644 सीट पर टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। टीएमपी, भाजपा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), कांग्रेस और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के कुल 8,176 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 9,61,977 है लेकिन सोमवार को मतदान करने के पात्र मतदाताओं की संख्या इससे कम होने की संभावना है, क्योंकि कई सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

टीटीएएडीसी का अधिकार क्षेत्र इस पूर्वोत्तर राज्य के करीब दो-तिहाई भौगोलिक क्षेत्र में है लेकिन इसकी करीब 15 लाख आबादी मैदानी इलाकों की तुलना में कम है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़