चतरा में 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के चतरा जिले में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। यह घटना कुंडा थाना क्षेत्र में 14 सितंबर को एक त्योहार के दौरान हुई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पीड़िता का सामान और अन्य साक्ष्य बरामद कर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया है।
झारखंड के चतरा जिले में 17 वर्षीय किशोरी का कथित तौर पर अपहरण कर, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने एवं गला घोंटकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि यह वारदात 14 सितंबर की रात कुंडा पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव में तीज त्योहार के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई। अधिकारी ने बताया कि तेज ध्वनि में बज रही संगीत और युवाओं के नाच-गाने के बीच, आरोपियों ने लड़की का अपहरण किया और उसे टेटारटांड इलाके में एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसी के दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि अगले दिन सुबह पीड़ित का शव झाड़ियों में मिला।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह ने बताया, ‘‘हमने इस मामले में बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया जिनकी उम्र क्रमश: 19 और 22 वर्ष है।’’ उन्होंने दावा किया कि दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है। अधिकारी ने बताया कि उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पीड़िता की लाल रंग की टॉर्च, हेयर पिन और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। उन्होंने बताया कि कुंडा पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अन्य न्यूज़













