Gurugram के दो भाइयों ने AI से KYC दस्तावेज बदलकर लिए 70 से ज्यादा कर्ज, दिल्ली पुलिस ने पकड़ा

गुरुग्राम के दो सगे भाइयों ने ऑनलाइन मिलने वाले पहचान पत्रों में संपादन ऐप के जरिए बदलाव करके 70 से अधिक लोन हासिल किए। फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज निवासी एक व्यक्ति के पैन नंबर पर अज्ञात लोन और गारंटर दर्ज होने की शिकायत मिली। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने एक करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।
हरियाणा के गुरुग्राम के दो भाइयों ने इंटरनेट से लोगों के पहचान पत्र लेकर और उनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से बदलाव कर कथित तौर पर एक करोड़ रुपये से अधिक के 70 से ज्यादा कर्ज हासिल किए। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आरोपियों की पहचान गौरव छाबड़ा (35) और उसके छोटे भाई शुभम उर्फ दिव्यांग छाबड़ा (24) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि दोनों को 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारी के मुताबिक, दोनों भाई 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ चुके थे और बेरोजगार हैं। वे गुरुग्राम में अपने परिवार के साथ रहते हैं, जिसमें गौरव की पत्नी और उनकी मां शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों भाई 2022 से इस धोखाधड़ी में कथित तौर पर शामिल थे। वे इंटरनेट पर अपने नाम से मिलते-जुलते नाम वाले लोगों के पहचान पत्र तलाशते थे और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित संपादन ऐप की मदद से उनमें डिजिटल बदलाव कर देते थे। इसके बाद वे इन बदले हुए दस्तावेजों का इस्तेमाल कर्ज देने वाली ऐसी ऑनलाइन कंपनियों से ऋण लेने के लिए करते थे, जहां दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन जरूरी नहीं था।
पकड़े जाने से बचने के लिए वे एक बार में बड़ी रकम लेने के बजाय कथित तौर पर एक-एक लाख रुपये का कर्ज लेते थे। इस धोखाधड़ी के जरिए वे हर महीने तीन से चार लाख रुपये की कमाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी असली पहचान पत्रों में नाम, तस्वीर और अन्य निजी जानकारियां बदलकर ग्राहक को जानो (केवाईसी) के फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और इनके जरिए कई बैंकों तथा वित्तीय संस्थानों से ऑनलाइन कर्ज लेते थे।
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसे पता चला कि उसके पैन नंबर पर कई कर्ज दर्ज हैं, जबकि उसने न तो इनके लिए आवेदन किया था और न ही कोई कर्ज लिया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद यह मामला सामने आया।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने यह भी पाया कि इन कर्ज खातों के कारण उसका ‘सिविल स्कोर’ और कर्ज लेने की उसकी पात्रता प्रभावित हुई है। जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता के पैन विवरण का इस्तेमाल कर करीब सात लाख रुपये के 30 से अधिक कर्ज कथित तौर पर लिए गए थे। इसके अलावा, उसे करीब 47 लाख रुपये के कर्ज के कई खातों में गारंटर भी दिखाया गया था, जबकि उसे इन लेनदेन की कोई जानकारी नहीं थी और न ही उसने इसके लिए सहमति दी थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता का असली पैन नंबर बरकरार रखा, लेकिन दस्तावेज में उसका नाम, पिता का नाम और तस्वीर डिजिटल तरीके से बदल दी, ताकि वह किसी दूसरे व्यक्ति का पहचान पत्र लगे। इसी तरह, उसके मतदाता पहचान पत्र में भी कथित तौर पर बदलाव किया गया। इसमें उसकी पहचान से जुड़ी जानकारियां बरकरार रखी गईं, लेकिन तस्वीर की जगह कथित लाभार्थी की तस्वीर लगा दी गई।
पुलिस के मुताबिक, बदले हुए दस्तावेजों का इस्तेमाल मोबाइल कनेक्शन और अन्य सेवाएं हासिल करने के लिए भी किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि दिसंबर 2022 से जुलाई 2023 के बीच ऐसी पहचान संबंधी जानकारियों का इस्तेमाल कर करीब 14 सिम कार्ड लिए गए थे। जांच में पता चला कि दोनों भाइयों ने कथित तौर पर कई अन्य लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर भी इसी तरीके से धोखाधड़ी की।
जांचकर्ताओं ने गौरव नाम के करीब 50 ऐसे लोगों की पहचान की है, जिनके पहचान पत्रों में बदलाव किए जाने या कर्ज लेने के लिए उनका दुरुपयोग किए जाने का संदेह है। पुलिस ने बताया कि अब तक 70 से अधिक संदिग्ध कर्ज खातों का पता चला है और इनके जरिए कथित तौर पर हासिल की गई कुल रकम एक करोड़ रुपये से अधिक है। हालांकि, पीड़ितों, कर्ज खातों और इसमें शामिल वित्तीय संस्थानों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है।
अन्य न्यूज़














