CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा Congress का आंदोलन: आराधना मिश्रा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कथित पुलिस उत्पीड़न के विरोध में काला दिवस मनाते हुए मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोका, जिसके बाद नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया गया।

लखनऊ, आठ अक्टूबर कांग्रेस की उप्र इकाई की अध्‍यक्ष आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ पुलिस उत्पीड़न के विरोध और मुख्‍य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के इस्तीफे की मांग को लेकर काला दिवस मनाया और शांति मार्च निकाला। इस मौके पर आराधना ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस के एक बयान के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना के आह्वान पर राजधानी लखनऊ में शांति मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

इसमें कहा गया है कि पूरे प्रदेश में जिला एवं प्रखंड स्तर पर कांग्रेस की जिला एवं शहर इकाइयों के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। आराधना के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के नारे लगाते हुए सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शांति मार्च निकाला गया। माल एवेन्यू चौराहे से आगे बढ़ने पर लालबहादुर शास्त्री मार्ग से पहले सुन्नी वक्फ बोर्ड के पास भारी संख्या में पुलिस बल द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका गया।

इस दौरान आगे बढ़ने को लेकर कांग्रेस समर्थकों और पुलिस बल में धक्का-मुक्की हुई और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर बैठ गयीं। कांग्रेस के एक नेता ने आरोप लगाया कि कि सड़क पर नारेबाजी कर रहे कांग्रेस समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उन्हें बस में भरकर इको गार्डन की तरफ ले जाया गया, लेकिन इको गार्डन से थोड़ा पहले ही बस खराब हो गयी। आरोप के मुताबिक इसके बाद घंटों खड़ी रही बस में बैठाकर लोगों को परेशान किया गया।

बयान के मुताबिक, इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पुलिस लाइन ले जाया गया। कांग्रेस के बयान के अनुसार आराधना मिश्रा ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह आन्दोलन तब तक चलता रहेगा जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते हैं। उन्‍होंने आरोप लगाया कि इस देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़