Youth Congress नेता वैशाख गिरफ्तार, Kerala BJP पूर्व नेता को उकसाने का आरोप

Youth Congress नेता वैशाख गिरफ्तार, Kerala BJP पूर्व नेता को उकसाने का आरोप
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केरल के कन्नूर में पुलिस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव वैशाख एस. दर्शन को पूर्व भाजपा नेता रतीशन की आत्महत्या मामले में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर रेलवे में टीटीई की फर्जी नौकरी का वादा कर 25 लाख रुपये ठगने और पीड़ित को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप है। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, वहीं पुलिस को मृतक के दफ्तर से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

केरल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने युवा कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और एर्नाकुलम निवासी वैशाख एस. दर्शन (35) को पूर्व भाजपा नेता एवं एरंजोली पंचायत समिति के पूर्व अध्यक्ष रतीशन (59) की मौत के मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

अदालत ने उसी दिन उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का आरोप है कि वैशाख ने रतीशन से रेलवे में नौकरी दिलाने का वादा कर 25 लाख रुपये लिए थे। पुलिस के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर रतीशन को यात्रा टिकट परीक्षक (टीटीई) पद का फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था।

रतीशन को भरोसा दिलाया गया था कि इस महीने की शुरुआत में उनकी रकम लौटा दी जाएगी। पुलिस ने कहा कि ऐसा नहीं होने पर उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, रतीशन की ओर से कथित रूप से छोड़े गए सुसाइड नोट में भी इन बातों का उल्लेख है।

रतीशन का शव तीन अगस्त को थालास्सेरी के नए बस अड्डे स्थित कॉफी हाउस के ऊपर बने अपने कार्यालय कक्ष में फंदे से लटका मिला था। वह उस सुबह घर से निकलकर अपने कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने कथित तौर पर यह कदम उठाया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़