मिशन विकास से भटका पश्चिम बंगाल चुनाव, दक्षिण भारत में कांटे का मुकाबला

Narendra Modi
अंकित सिंह । Mar 20 2021 4:55PM

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी असम में सत्ता में आती है तो वह सुनिश्चित करेगी कि राज्य में नागरिकता संशोधन कानून लागू न हो। राहुल ने डिब्रूगढ़ जिले में यहां कॉलेज के छात्रों के साथ बातचीत में कहा कि कोई भी धर्म दुश्मनी नहीं सिखाता है।

पांच राज्यों में चुनावी सरगर्मियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल की है। पश्चिम बंगाल में चुनावी शोर के बीच नेताओं की जुबानी जंग अपने चरम पर है। भाषा की मर्यादा भी टूट रही और नेता एक दूसरे पर जमकर वार-पलटवार कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल अपने आप में भाजपा के लिए बड़ा मिशन है तो वही तृणमूल कांग्रेस को अपनी सत्ता बचानी है। हालांकि, असम में भी चुनावी शोर है लेकिन कहीं ना कहीं कांग्रेस सीएए को लेकर ज्यादा आक्रमक है तो वही भाजपा अपने विकास को गिनवा रही है। हालांकि बात विकास की करें तो पश्चिम बंगाल में इसका नामोनिशान नहीं है। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान विकास की तो बात सत्ता पक्ष हो या विपक्ष दोनों नहीं कर रहे। पश्चिम बंगाल का चुनाव धर्म, जय श्री राम, मां दुर्गा और पाकिस्तान के ऊपर निर्भर हो गया है। दक्षिण भारत में भी कांटे की चुनौती देखने को मिल रही है खास करके केरल और तमिलनाडु में। इसी विषय पर हमने प्रभासाक्षी के साप्ताहिक कार्यक्रम चाय पर समीक्षा में चर्चा की। प्रभासाक्षी के संपादक नीरज कुमार दुबे ने माना कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मुकाबला कांटे का है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कहीं न कहीं पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी फिलहाल पिछड़ती जा रही हैं क्योंकि उनका संगठन कमजोर हो रहा है। असम की बात करते हुए नीरज कुमार दुबे ने कहा कि असम में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी सरकार के दौरान उग्रवाद पर लगाम देखने को मिला है। वहीं, केरल की बात करते हुए नीरज कुमार दुबे ने कहा कि वहां फिलहाल पी विजयन इतिहास बना सकते हैं क्योंकि लेफ्ट के नेतृत्व वाला गठबंधन कांग्रेस के गठबंधन पर भारी पड़ रहा है। तमिलनाडु में एआईएडीएमके और डीएमके के बीच तगड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। 

इसे भी पढ़ें: इस बार बंगाल में वर्चस्व बचाने की जंग लड़ रही हैं ममता बनर्जी

कांग्रेस किसी से भी मिला सकती है हाथ, उसके पास ना नेता है, ना नीति: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) से गठबंधन करने के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि आज यह विपक्षी पार्टी इतनी कमजोर हो गई है कि वह किसी से भी हाथ मिला सकती है क्योंकि उसके पास ‘‘ना नेता है, ना नीति है और ना ही कोई विचारधारा है।’’ प्रधानमंत्री ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस को ‘‘भ्रमित पार्टी’’ करार दिया और सवाल किया कि जिस दल की सोच स्थिर नहीं है वह असम में क्या स्थिर सरकार दे सकता है? उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस इतनी कमजोर हो गई है वह किसी के साथ भी हाथ मिला सकती है और वोट बैंक की राजनीति के लिए किसी को भी गुमराह कर सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विचित्र स्थिति आज पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जिन वामपंथियों के साथ वो (कांग्रेस) लाल सलाम कर रहे हैं, उन्हीं के साथ केरल में नूरा-कुश्ती चल रही है। कांग्रेस का ये कंफ्यूजन (भ्रम) हर तरफ हैं। जिस पार्टी की सोच ही स्थिर नहीं है, वह क्या असम में स्थिर सरकार दे सकती हैं? असम में एआईयूडीएफ से कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब पूर्वोत्तर के इस राज्य को ही देख लीजिए कि कभी यहां की सत्ता पर राज करने वाली (पार्टी) आज यहां किसके भरोसे मैदान में है? उन्होंने कहा कि जिन लोगों की राजनीति से यहां के कांग्रेस के कार्यकर्ता दशकों से लड़ रहे हैं वहीं हाथ (कांग्रेस का चुनाव चिह्न) ताला चाबी लिए घूम रहे हैं।

टीएमसी को कुशासन और तुष्टीकरण की राजनीति के लिए सजा मिलेगी: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार को 10 साल के कथित कुशासन और तुष्टीकरण की राजनीति के लिए सजा मिलेगी। मोदी ने पुरुलिया में जल संकट को लेकर ममता बनर्जी सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य सरकार के काम न करने के कारण पुरुलिया गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने पुरुलिया को केवल जल संकट, जबरन पलायन और भेदभाव भरा प्रशासन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकारों ने पुरुलिया के औद्योगिक विकास को नजरअंदाज किया है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने बंगाल में माओवादियों की एक नयी नस्ल तैयार की जिसने जनता का पैसा लूटा। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल को याद है कि किसने सेना पर तख्तापलट की साजिश रचने का आरोप लगाया था और पुलवामा हमले के दौरान आपने किसका पक्ष लिया था। मोदी ने बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर कहा कि इसके लिए टीएमसी सरकार की तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति जिम्मेदार है।

पश्चिम बंगाल में चुनाव जीतने के बाद दिल्ली में लाएंगे ‘परिवर्तन’: ममता बनर्जी 

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद दिल्ली में ‘परिवर्तन’ लाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपनी पूरी ताकत से पश्चिम बंगाल को निशाना बना रही है क्योंकि उसे पता है कि राज्य में चुनाव जीतने के तुरंत बाद वह (बनर्जी) केंद्र में जाएंगी। उन्होंने भाजपा पर उनके ‘परिवर्तन’ नारे को ‘‘चुराने’’ और इसे ‘असल परिवर्तन’ के नाम से पेश करने का आरोप लगाया। पश्चिमी मेदिनीपुर जिले के कलाईकुंडा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि भाजपा को भय है कि यदि हम पश्चिम बंगाल में जीतते हैं तो हम दिल्ली में एक विकल्प लेकर आएंगे और इसीलिए वे राज्य को पूरी ताकत से निशाना बना रहे हैं। यह आरोप लगाते हुए कि भाजपा विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी का प्रयास करेगी, उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान और दो मई को मतगणना होने तक सतर्क रहने को कहा। पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव होगा। पहले चरण में 27 मार्च को मतदान होगा। यह उल्लेख करते हुए कि कभी माओवादियों का गढ़ रहे जंगलमहल क्षेत्र में अब शांति है, बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने पश्चिमी मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों के विकास के लिए सब कुछ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा, कांग्रेस और भाजपा ने आपस में हाथ मिला रखा है और लोगों से कहा कि वे इन दलों के उम्मीदवारों को वोट न दें। मेदिनीपुर के सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष का नाम लिए बिना बनर्जी ने कहा कि भाजपा झूठ की पार्टी है। यह अपने शब्दों पर खरी नहीं उतरती। यहां से भगवा दल के सांसद ने लोगों के लिए कुछ भी नहीं किया है।

असम के लिए मोदी की बड़ी बड़ी घोषणाएं बड़ा शून्य साबित हुईं: कांग्रेस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस ने उनपर कई सवाल दागे और आरोप लगाया कि असम के लिए उनके द्वारा की गयी बड़ी घोषणाएं महज ‘बड़ा शून्य’ साबित हुईं। कांग्रेस महासचिव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पूरे देश में असम अपनी संस्कृति, सहिष्णुता, संयम, सदिच्छा एवं सद्भाव के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन पिछले पांच सालों में असम में सत्ता की अपनी तृष्णा को बुझाने के लिए भाजपा ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के माध्यम से केवल विभाजन के बीज बोये बल्कि असम की एवं जमीन पर भी हमला किया।’’ कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि असम सबकुछ बर्दाश्त कर सकता है लेकिन झूठ, एवं धोखा को कतई बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल तक विकास के नाम पर असम के लोगों को बस झूठे आश्वासन दे रहे हैं। बड़ी घोषणाएं तो की गयीं लेकिन नतीजा शून्य रहा।

इसे भी पढ़ें: चोट और वोट के बीच फंसी बंगाल की राजनीति तो उत्तराखंड में TSR का फार्मूला क्या है?

केरल के मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ूंगा: के सुधाकरन

केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सुधाकरन ने कहा कि वह उत्तरी कन्नूर जिले में धर्मादम विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें इस निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव की बुनियादी तैयारियां करने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया और इसलिए वह आगामी छह अप्रैल को होने जा रहे विधानसभा चुनाव में इस सीट से चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। सुधाकरन ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी से उन्हें उम्मीदवार सूची से बाहर करने का अनुरोध करते हुए कहा कि यहां तक कि जिला कांग्रेस कमेटी भी इस सीट पर उनके चुनाव लड़ने के पक्ष में नहीं है। सुधाकरन का यह बयान आने तक, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख एम. रामचंद्रन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस बारे में पर्याप्त संकेत दिये थे कि वह मुख्यमंत्री के खिलाफ पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

पूर्वोत्तर में घुसपैठ और कश्मीर में आतंकवाद के लिए कांग्रेस जिम्मेदार: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वोत्तर में विकास की कमी और घुसपैठ एवं जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। असम के होजाई, कालियागांव और रंगिया में एक के बाद एक तीन चुनाव रैलियों को संबोधित करते हुए योगी ने कांग्रेस पर सत्ता के लालच के चलते जनकल्याण एवं विकास की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस क्षेत्र के विकास एवं प्रगति और देश की एकता या जन कल्याण के लिए कभी काम ही नहीं किया, उसका ध्येय बस सत्ता हथियाना रहा। इस कारण यहां के लोग लंबे समय तक उसके कुशासन तथा इस क्षेत्र में अवैध प्रवासन की समस्या को झेलने के लिए बाध्य हुए। उन्होंने होजाई में कहा कि पूर्वोत्तर ने कांग्रेस की एक के बाद एक आई सरकारों से विकास की उम्मीद लगाए रखी, ‘‘लेकिन विकास नहीं हुआ क्योंकि प्रगति उसके एजेंडे में थी ही नहीं।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: शराब बंदी का वादा फिर से सुर्खियों में आया

तमिलनाडु में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में शराब बंदी का वादा फिर से सामने आ रहा है। सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक, विपक्षी द्रमुक और कांग्रेस समेत राजनीतिक पार्टियों ने छह अप्रैल को होने वाले चुनावों के लिए पूर्ण शराब बंदी के लिए आधार बनाया है। राज्य में 1937 से 1971 तक पूर्ण शराबबंदी लागू थी जब एम करुणानिधि के नेतृत्व वाली तत्कालीन द्रमुक सरकार ने इसे हटा लिया था। अन्नाद्रमुक और द्रमुक दोनों ने अपने चुनावी घोषणा पत्रों में चरणबद्ध तरीके से फिर से शराब बंदी करने का आश्वासन दिया है। अन्नाद्रमुक की एक सहयोगी पीएमके और द्रमुक के नेतृत्व वाले फ्रंट में एक साझेदार एमडीएमके ने शराब मुक्त तमिलनाडु सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। 

राम ने की देवी दुर्गा की पूजा क्योंकि वह राम से अधिक श्रेष्ठ हैं: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह दावा करते हुए कि भाजपा लोगों को ‘‘जय सियाराम’’ नहीं कहने देगी। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने देवी दुर्गा की पूजा की थी क्योंकि वह राम से अधिक श्रेष्ठ हैं। झाड़ग्राम जिले के लालगढ़ में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा ‘मारंग बुरु’ का नाम नहीं लेने देगी जिन्हें संथाल लोग शक्ति का सर्वोच्च स्रोत मानते हैं, लेकिन वह ‘‘जय श्रीराम’’ का नारा लगाएगी। बनर्जी ने कहा कि वे (भाजपा) कह रहे हैं कि आप अपने धर्म का पालन नहीं कर पाएंगे, आपको जय श्रीराम कहना होगा। लेकिन आप जय सियाराम नहीं कह पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम ने (रामायण) में देवी दुर्गा की पूजा की। मां दुर्गा राम से अधिक श्रेष्ठ हैं, इसीलिए उन्होंने मां दुर्गा की पूजा की।

भाजपा लोगों को बांटने के लिए नफरत फैलाती है: राहुल गांधी

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी असम में सत्ता में आती है तो वह सुनिश्चित करेगी कि राज्य में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू न हो। राहुल ने डिब्रूगढ़ जिले में यहां कॉलेज के छात्रों के साथ बातचीत में कहा कि कोई भी धर्म दुश्मनी नहीं सिखाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘लोगों को बांटने के लिए नफरत फैला’’ रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने समाज को बांटने के लिए नफरत का इस्तेमाल किया। इससे फर्क नहीं पड़ता कि वे नफरत फैलाने के लिए कहां तक जाते हैं पर कांग्रेस प्यार और सौहार्द्र बढ़ाएगी।’’ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का अप्रत्यक्ष तौर पर जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘नागपुर में एक ताकत देश को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है’’ लेकिन युवाओं को प्यार और विश्वास से इस कोशिश को रोकना होगा क्योंकि वे देश का भविष्य हैं। दो दिन के दौरे पर असम आए राहुल गांधी का राज्य में चुनाव के लिए शनिवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी करने का कार्यक्रम है।

- अंकित सिंह

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़