Asian Shooting Championship: Asian Shooting में भारत का परचम, Suruchi-Rana ने Junior World Record के साथ जीता Silver मेडल

एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में, सुरुचि सिंह और सम्राट राणा की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में विश्व जूनियर रिकॉर्ड बनाने के बावजूद रजत पदक जीता। उज्बेकिस्तान की जोड़ी ने विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा किया, जिससे भारत को सीनियर वर्ग में दिन का एकमात्र पदक मिला।
भारत की उभरती हुई निशानेबाज सुरुचि सिंह और विश्व चैंपियन सम्राट राणा को शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद बृहस्पतिवार को यहां एशियाई चैंपियनशिप की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। बुधवार को ईशा सिंह के महिलाओं की एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारत के लिए दिन अच्छा रहा लेकिन सीनियर वर्ग में कोई स्वर्ण पदक नहीं मिला।
सुरुचि और राणा की जोड़ी ने 479.6 अंक जुटाए जो एक नया विश्व और एशियाई जूनियर रिकॉर्ड है। उज्बेकिस्तान की जोड़ी ने 481.3 अंक के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने शानदार शुरुआत करते हुए पहली सीरीज में 100.5 के स्कोर से चार टीम के फाइनल में बढ़त बनाई लेकिन निगीना सैदकुलोवा और मुखम्मद कमालोव की उज्बकिस्तान की जोड़ी ने तीसरी सीरीज तक बढ़त बना ली और ‘एलिमिनेशन’ चरण तक बढ़त बनाए रखी और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीनी ताइपे की जोड़ी 412.2 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रही।
पिछले साल चार आईएसएसएफ विश्व कप स्वर्ण पदक जीतने के अलावा सत्रांत विश्व कप फाइनल में शीर्ष पर रहीं 19 साल की सुरुचि और सम्राट ने क्वालीफिकेशन दौर में कुल 583 अंक के साथ दबदबा बनाया। विन्ह थू ट्रिन्ह और मिन्ह कोंग लाई की वियतनाम की जोड़ी ने भी 583 अंक हासिल किए लेकिन भारतीय जोड़ी ने अंदरूनी 10 अंक पर उनके 18 के मुकाबले 22 निशाने लगाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। दो बार की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मनु भाकर और श्रवण कुमार की दूसरी भारतीय जोड़ी कुल 571 अंक के साथ नौवें स्थान पर रही और फाइनल में जगह नहीं बना पाई। भारत के सीनियर वर्ग में अब तक चार पदक हो गए हैं जिसमें दो स्वर्ण, एक रजतऔर एक कांस्य पदक शामिल है।
जूनियर वर्ग में पिछले साल की जूनियर विश्व कप और एशियाई चैंपियनशिप विजेता रश्मिका सहगल ने एक और स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में 237.9 अंक के साथ सोने का तमगा अपने नाम किया। उनकी हमवतन वंशिका चौधरी ने 236.7 अंक के साथ रजत पदक जीता। वंशिका (577), रश्मिका (572) और अगम ग्रेवाल (565) की जूनियर टीम ने भी कुल 1714 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। कजाखस्तान (1,671) और श्रीलंका (1,631) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
अन्य न्यूज़













