Katie Mack की शानदार पारी से Australia A ने India A को 30 रन से हराया, शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त

Katie Mack की शानदार पारी से Australia A ने India A को 30 रन से हराया, शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे अनौपचारिक टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला ‘ए’ ने 178 रन का मजबूत स्कोर बनाकर भारत महिला ‘ए’ को 148 रन पर रोक दिया। निकी प्रसाद ने 54 रन की नाबाद पारी और दो विकेट लेकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

निकी प्रसाद का हरफनमौला खेल केटी मैक की नाबाद 83 रन की शानदार पारी के आगे फीका पड़ गया, जिससे ऑस्ट्रेलिया महिला ‘ए’ ने मंगलवार को भारत महिला ‘ए’ को 30 रन से हराकर तीन मैचों की अनौपचारिक टी20 शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। मैक की 83 रन की पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने दो विकेट पर 178 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारत ‘ए’ की टीम शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद निकी प्रसाद के संघर्ष के बावजूद सात विकेट पर 148 रन ही बना सकी।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने नौ ओवर के अंदर 54 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद प्रसाद को मिन्नू मणि (16) का साथ मिला। दोनों ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाने में सफल नहीं हो सकीं।

निकी ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 41 रन देकर दो विकेट लिए और फिर 31 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। वृंदा दिनेश (1), सुजाता डे (8) और सलामी बल्लेबाज शिप्रा गिरि (13) के आउट होने से पावरप्ले में भारत ने 29 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए। तेजल हसबनिस (6) और कप्तान अनुष्का शर्मा (11) भी कुछ खास नहीं कर सकीं।

इसके बाद निकी और मिन्नू ने छठे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की, लेकिन यह साझेदारी ऑस्ट्रेलिया की मजबूत पकड़ को चुनौती देने के लिए पर्याप्त नहीं थी। इससे पहले मैक ने 60 गेंदों में 11 चौकों की मदद से नाबाद 83 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया की पारी को मजबूती दी। उन्होंने रेचल ट्रेनेमन के साथ पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े।

ट्रेनेमन ने 25 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए। निकी प्रसाद ने नौवें ओवर में ट्रेनेमन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। इसके बाद मैक ने चार्ली नॉट (26) के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े।

ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने शृंखला का पहला मुकाबला छह विकेट से जीता था। तीसरा और अंतिम अनौपचारिक टी20 मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़