Bhuvneshwar Kumar की टीम इंडिया में वापसी, सितांशु कोटक ने अनुभव और IPL फॉर्म को बताया वजह

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा है कि भुवनेश्वर कुमार को उनके बेहतरीन अनुभव और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टी20 टीम में चुना गया है। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए पिछले दो सत्रों में 45 विकेट चटकाए थे। वहीं मोहम्मद शमी की वापसी को लेकर कोटक ने गेंद चयनकर्ताओं के पाले में डाल दी।

रांची, आठ अक्टूबर सहायक कोच सितांशु कोटक ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि भुवनेश्वर कुमार के अपार अनुभव और पिछले दो आईपीएल सत्र में उनकी शानदार फॉर्म ने उन्हें न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापस जगह दिलाई है। छत्तीस वर्षीय अनुभवी तेज गेंदबाज आखिरी बार नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड सीरीज में भारत के लिए खेले थे। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद भुवनेश्वर ने राष्ट्रीय टीम में वापसी की।

उन्होंने 2025 और 2026 में आरसीबी की लगातार खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने इन दो सत्र में 45 विकेट लिए थे (2025 में 17 और 2026 में 28)। भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैच की सीरीज के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगी।

कोटक ने संकेत दिया कि चयनकर्ताओं को शायद युवा गेंदबाजी ग्रुप में अनुभव जोड़ने की जरूरत महसूस हुई होगी। कोटक ने यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘चयनकर्ताओं पर निर्भर करता है। लेकिन मैं आपको अपनी सोच के आधार पर जवाब दे सकता हूं।

इंग्लैंड में, जब बुमराह आसपास नहीं थे और बहुत सारे युवा गेंदबाज खेल रहे थे तो मुझे व्यक्तिगत रूप से लगा कि आप अनुभव को मात नहीं दे सकते। उन्होंने कहा, ‘‘युवा गेंदबाज अच्छे हैं, वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनका चयन हो रहा है, लेकिन किसी स्तर पर आपको कुछ अनुभव की भी जरूरत होती है। ’’ कोटक ने कहा, ‘‘यह एक कारण हो सकता है।

दूसरी बात यह है कि भुवनेश्वर पिछले दो सत्र से आईपीएल में बहुत अच्छा कर रहे हैं। इसलिए चयनकर्ताओं ने सोचा होगा कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों और बाकी चीजों के लिए, निश्चित तौर पर वह अच्छा कर रहे हैं और हमें कुछ अनुभव की जरूरत है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इसलिए उन्होंने उन्हें चुना होगा।

’’ भुवनेश्वर की वापसी ने मोहम्मद शमी को लेकर भी सवाल फिर से खड़े कर दिए हैं जो घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखने के बावजूद मौजूदा टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर हैं। शमी आखिरी बार मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत के लिए खेले थे। वह तब से घरेलू क्रिकेट के जरिए वापसी की कोशिश कर रहे हैं जिसमें उन्होंने उत्साहजनक प्रदर्शन किए हैं।

हालांकि, कोटक ने बंगाल के अनुभवी तेज गेंदबाज की संभावित वापसी को लेकर किसी भी अटकल से खुद को अलग रखा। उन्होंने कहा, ‘‘सबसे पहले मैं चयनकर्ता नहीं हूं इसलिए मेरे लिए आपको यह बताना मुश्किल है। लेकिन शमी भी खेल रहे हैं और वह भी अच्छा कर रहे हैं।

’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर चयनकर्ताओं को लगता है कि वह अच्छा कर रहे हैं और टीम को उनकी जरूरत है, तो किसी भी खिलाड़ी का चयन किया जा सकता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़