ब्रेकडांस बना आधिकारिक तौर पर ओलंपिक खेल, पेरिस ओलंपिक 2024 में हुआ शामिल

Breakdancing

पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रेकडांस शामिल किया है।आईओसी ने पेरिस खेलों में पदक स्पर्धाओं की संख्या तोक्यो की तुलना में दस कम कर दी यानी अब वहां 329 पदक स्पर्धायें होंगी। भारोत्तोलन की चार श्रेणियां कम कर दी गई है।

जिनेवा। ब्रेकडांस अब आधिकारिक तौर पर ओलंपिक खेल हो गया है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने पेरिस में 2024 में होने वाले खेलों में इसे शामिल कर लिया है। युवा दर्शकों को लुभाने के लिये आईओसी ने यह फैसला लिया है। इसके अलावा स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और सर्फिंग को भी इन खेलों में शामिल किया गया है। इन तीनखेलों को तोक्यो ओलंपिक में शामिल किया जाना था जो कोरोना वायरस महामारी के कारण एक साल के लिये स्थगित कर दिये गए। आईओसी ने पेरिस खेलों में पदक स्पर्धाओं की संख्या तोक्यो की तुलना में दस कम कर दी यानी अब वहां 329 पदक स्पर्धायें होंगी। भारोत्तोलन की चार श्रेणियां कम कर दी गई है। इसके साथ ही 2024 में खिलाड़ियों का कोटा 10500 होगा जो तोक्यो ओलंपिक से 600 कम है।

इसे भी पढ़ें: खेल मंत्री रीजीजू ने वाडा प्रमुख से NDTL का निलंबन वापिस लेने का आग्रह किया

प्रशासनिक अनियमितताओं को झेल रहे मुक्केबाजी और भारोत्तोलन से सबसे ज्यादा कटौती की गई है। पेरिस खेलों में भाारोत्तोलन में 120 खिलाड़ी होंगे जो रियो दि जिनेरियो की तुलना में आधे से भी कम है। डोपिंग के इतिहास और सुधार लागू करने की धीमी गति के कारण इसे पूरा भी हटाया जा सकता था। आईओसी ने यह भी कहा कि ओलंपिक में उसका दीर्घकालिन लक्ष्य पुरूष और महिला खिलाड़ियों की समान भागीदारी है। ब्रेकडासिंग ओलंपिक में ब्रेकिंग के नाम से जाना जायेगा जैसा कि इसे सत्तर के दशक में अमेरिका में कहा जाता था। पेरिस आयोजकों ने दो साल पहले ब्यूनस आयर्स में युवा खेलों में सफल ट्रायल के बाद इसे शामिल करने का प्रस्ताव रखा था। आईओसी बोर्ड ने बाद में इसे मंजूरी दे दी। सर्फिंग का आयोजन 15000 किलोमीटर दूर प्रशांत महासागर में ताहिती के तटों पर होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़