Delhi Half Marathon में चार्ल्स मटाटा ने कोर्स रिकॉर्ड तोड़कर जीता खिताब

Delhi Half Marathon में चार्ल्स मटाटा ने कोर्स रिकॉर्ड तोड़कर जीता खिताब
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

कीनियाई धावक चार्ल्स मटाटा ने वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में 58 मिनट 52 सेकंड का समय निकालकर नया कोर्स रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने वर्ष 2020 में बने पिछले रिकॉर्ड को एक सेकंड के अंतर से पीछे छोड़ दिया। महिला वर्ग में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु चैंपियन बनीं, जबकि भारतीय धावकों में शैलेश कुशवाहा और अंकिता ध्यानी ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

कीनिया के चार्ल्स मटाटा ने रविवार को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में रविवार को यहां नया कोर्स रिकॉर्ड बनाते हुए पुरुष एलीट वर्ग का खिताब अपने नाम किया जबकि इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने महिला एलीट वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मटाटा ने 58 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी कर वर्ष 2020 में इथियोपिया के अमेदेवोर्क वालेलेग्न के बनाए 58 मिनट 53 सेकंड के रिकॉर्ड को एक सेकंड से पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें विजेता की 27,000 डॉलर (करीब 25.64 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि के अलावा रिकॉर्ड तोड़ने पर 12,000 डॉलर (करीब 11.40 लाख रुपये) अतिरिक्त मिलेंगे।

दिलचस्प बात यह है कि मटाटा के जुड़वां भाई एलेक्स मटाटा ने वर्ष 2025 में 59 मिनट 50 सेकंड के समय के साथ यह खिताब जीता था। पुरुष एलीट वर्ग में कीनिया के धावकों का दबदबा रहा। सैमवेल न्यामाई मेलू ने 59 मिनट 24 सेकंड के समय के साथ दूसरा, जबकि स्टेनली वाइथाका म्बुरू ने 59 मिनट 33 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया।

महिला एलीट वर्ग में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने एक घंटा छह मिनट 35 सेकंड में दौड़ पूरी कर खिताब जीता। कीनिया की सेलाह बुसिनेई एक घंटा सात मिनट एक सेकंड के समय के साथ दूसरे और सिंथिया चेलंगाट चेपक्वोनी एक घंटा सात मिनट 32 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहीं। शैलेश कुशवाहा ने भारतीय पुरुष एलीट वर्ग में एक घंटा पांच मिनट पांच सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया।

गौरव माथुर एक घंटा पांच मिनट 11 सेकंड के साथ दूसरे और हेमंत कुमार एक घंटा पांच मिनट 37 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भारतीय महिला एलीट वर्ग में अंकिता ध्यानी ने एक घंटा 12 मिनट 46 सेकंड में दौड़ पूरी कर शीर्ष स्थान हासिल किया। सोनिया एक घंटा 14 मिनट 56 सेकंड के साथ दूसरे और भागीरथी एक घंटा 15 मिनट 51 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में कुल 2,75,732 डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई थी। पुरुष और महिला एलीट वर्ग के विजेताओं को 27,000-27,000 डॉलर दिये गये। भारतीय एलीट पुरुष और महिला वर्ग में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को क्रमशः 3.50 लाख, 2.50 लाख और 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़