Football Star Neymar का संन्यास पर बड़ा बयान, World Cup 2026 हो सकता है आखिरी टूर्नामेंट

गंभीर चोटों से जूझ रहे ब्राज़ील के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर नेमार ने 2026 विश्व कप को अपना आखिरी लक्ष्य बताया है, लेकिन राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी कोच के फैसले और फिटनेस पर निर्भर करेगी।
ब्राज़ीलियाई फुटबॉल के सबसे बड़े सितारों में से एक नेमार ने अपने भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने माना कि 2026 सीजन उनके करियर का आखिरी पड़ाव हो सकता है, लेकिन साथ ही यह भी साफ कर दिया कि वह फीफा विश्व कप 2026 में ब्राज़ील के लिए एक आखिरी बार मैदान पर उतरना चाहते हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू में 34 वर्षीय नेमार ने कहा कि वह अब साल-दर-साल सोच रहे हैं और दिसंबर 2026 तक पहुंचते-पहुंचते संन्यास लेने का फैसला भी कर सकते हैं। उनके मुताबिक यह साल न केवल क्लब बल्कि राष्ट्रीय टीम के लिए भी बेहद अहम है, क्योंकि विश्व कप का साल है और वह खुद भी इसे खास मानते हैं।
गौरतलब है कि नेमार करीब 12 साल बाद अपने बचपन के क्लब सैंटोस लौटे हैं। इससे पहले वह एफसी बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन के लिए खेल चुके हैं। फ्रांस में उनका कार्यकाल चोटों से प्रभावित रहा, जबकि सऊदी क्लब अल हिलाल के साथ भी उनका समय लंबा नहीं चला। सैंटोस ने उनका अनुबंध दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है, लेकिन भविष्य को लेकर अटकलें बनी हुई हैं।
मौजूद जानकारी के अनुसार जनवरी 2025 के बाद से लगातार चोटों ने उनके खेल समय को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस दौरान उन्होंने 29 मैच खेले, 11 गोल किए और पांच असिस्ट दिए, लेकिन लगभग 200 दिन मैदान से बाहर भी रहे। घुटने की गंभीर चोट के चलते उन्हें सर्जरी करानी पड़ी, जिससे लय टूट गई।
हालांकि आंकड़े बताते हैं कि वह अब भी ब्राज़ील के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। 128 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 79 गोल उनके नाम दर्ज हैं, जो राष्ट्रीय टीम में उनकी अहमियत को दर्शाते हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वह 2026 विश्व कप के लिए ब्राज़ील की टीम में जगह बना पाएंगे। बता दें कि अक्टूबर 2023 के बाद से वह राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेले हैं। नए मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी के नेतृत्व में टीम नई पहचान गढ़ने की कोशिश कर रही है और राफिन्हा व रोड्रिगो जैसे खिलाड़ी आक्रमण में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक एंसेलोटी ने नेमार के लिए दरवाजा बंद नहीं किया है, लेकिन यह भी साफ कर दिया है कि किसी को विशेष छूट नहीं मिलेगी। उन्हें फिटनेस और फॉर्म के दम पर अपनी जगह साबित करनी होगी।
ब्राज़ील को ग्रुप सी में हैती, स्कॉटलैंड और मोरक्को के साथ रखा गया है। अगर नेमार पूरी तरह फिट होकर लय हासिल कर लेते हैं, तो वह अपने करियर का एक यादगार अंतिम अध्याय लिख सकते हैं। फिलहाल उनकी प्राथमिकता फिट रहकर खुद को एक बार फिर सर्वोच्च स्तर के लिए तैयार करना है।
अन्य न्यूज़















