हरप्रीत सिंह भाटिया के 130 रन, UAE ने India A को दिया 250 रनों का लक्ष्य

दोहा में खेले जा रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप के ग्रुप-बी मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 249 रन बनाए। भारत में प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हरप्रीत सिंह भाटिया ने 144 गेंदों में 12 चौकों और चार छक्कों की मदद से 130 रनों की पारी खेली। भारत ए की ओर से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने सर्वाधिक चार विकेट झटके।
भारत में पिछले साल तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले हरप्रीत सिंह भाटिया के शानदार शतक की बदौलत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने मंगलवार को यहां राइजिंग स्टार्स एशिया कप के ग्रुप-बी मुकाबले में भारत ए के खिलाफ आठ विकेट पर 249 रन बनाए। हरप्रीत ने 144 गेंद में 130 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और चार छक्के लगाए।
इस दौरान उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ स्कोर 121 रन को पीछे छोड़ दिया। पैंतीस वर्षीय हरप्रीत इस साल की शुरुआत में यूएई के नागरिक बने थे। उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करने के अलावा भारत में प्रथम श्रेणी के 86 मुकाबले भी खेले हैं।
घरेलू क्रिकेट में वह अपने गृह राज्य मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमों का हिस्सा रहे। इसके अलावा उन्होंने पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स सहित विभिन्न टीमों के लिए आईपीएल के नौ मुकाबले खेले हैं। वह इंग्लैंड में क्लब क्रिकेट भी खेल चुके हैं।
शुरुआती विकेट सस्ते में गंवाने के बाद हरप्रीत ने यूएई की पारी को मजबूती दी। उन्होंने कहा, ‘‘किसी बड़ी टीम के खिलाफ रन बनाने की प्रेरणा हमेशा रहती है। भारत (ए) एक बहुत अच्छी टीम है और मुझे खुशी है कि मैं ऐसा कर पाया।’’ हरप्रीत ने यूएई की पारी के बाद प्रसारक से कहा, ‘‘आज सुबह मेरे मन में विचार आया कि आज गुरु नानक जयंती है।
मुझे ऐसा महसूस हुआ कि आज मैं शतक बनाने जा रहा हूं। काफी लंबे समय बाद गुरु नानक जयंती के दिन मेरे बल्ले से शतक निकला है। मैं सभी को गुरुपर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहता हूं।’’ बाएं हाथ के बल्लेबाज हरप्रीत ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए।
भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी खास तौर पर प्रभावशाली रही। उन्होंने हर्षित की गेंदों पर दो छक्के जड़े। हरप्रीत ने धीमी गेंद पर छक्का लगाकर लिस्ट-ए क्रिकेट में अपना सातवां शतक पूरा किया।
वह शतक पूरा करने के बाद वह भावुक नजर आए। हरप्रीत को 47वें ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने पवेलियन भेजा। अरशद ने 10 ओवर में 43 रन देकर चार विकेट हासिल किये।
वह भारत ए के सबसे सफल गेंदबाज रहे। पिछले मुकाबले में पाकिस्तान शाहीन (ए टीम) से हारने के बाद भारत ए के सामने सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जीत दर्ज करने की चुनौती है। तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद टीम को पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
चोट से उबरने के बाद अपनी मैच फिटनेस साबित करने की कोशिश कर रहे हर्षित राणा भारत ए के सबसे महंगे गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 63 रन देकर एक विकेट लिया। हरप्रीत ने जहां 90.28 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, वहीं यूएई के अन्य बल्लेबाज रन गति बनाए रखने और अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदलने में नाकाम रहे।
आईसीसी के पात्रता नियमों के मुताबिक, हरप्रीत को यूएई की ओर से खेलने की योग्यता हासिल करने के लिए वहां तीन साल तक निवास करना जरूरी था लेकिन यूएई का पासपोर्ट होने के आधार पर उन्होंने अप्रैल में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर लिया।
अन्य न्यूज़














