BJP और Shiromani Akali Dal में फिर हुआ गठबंधन, Punjab में शिअद को मिलेगा CM पद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल बाद दोबारा हाथ मिलाया है। गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि शिअद बड़े भाई की भूमिका निभाते हुए मुख्यमंत्री पद संभालेगी। दोनों दल राज्य की सभी 117 सीटों पर मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।

भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को गठबंधन की घोषणा की, जिससे राजग के सबसे पुराने सहयोगी की छह साल बाद वापसी हुई। इसबीच, गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का पद शिअद के पास रहेगा, क्योंकि गठबंधन में वही ‘‘बड़े भाई’’ की भूमिका में होगा। शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी।

तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के बीच, 2020 में शिअद ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ लिया था, जिससे उनकी 24 साल पुरानी साझेदारी खत्म हो गई थी। हालांकि, बाद में इन कानूनों को वापस ले लिया गया। शाह से जब पूछा गया कि क्या यह गठबंधन में फिर से कोई मुद्दा बन सकता है, तो उन्होंने कहा कि चूंकि कानून ही वापस ले लिए गए हैं, तो उनसे जुड़ा कोई मुद्दा उठने का सवाल ही कहां पैदा होता है।

नयी दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में, शाह और शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के साथ गठबंधन की घोषणा करते हुए, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब को एक विकसित राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करेंगी। बादल ने इस गठबंधन को एक ‘‘भावनात्मक गठबंधन’’ बताते हुए कहा, भाजपा-शिअद पंजाब के सभी मुद्दों को सुलझाएगी, जिसमें नशीले पदार्थों की समस्या भी शामिल है।’’ बादल ने दावा किया कि चुनावों में गठबंधन 100 से ज़्यादा सीटें जीतेगा और पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सीटों की संख्या घटकर 10 से कम रह जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ दिसंबर को मेरे पिता प्रकाश सिंह बादल की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सहमत हो गए हैं।’’ शाह ने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए दोनों पार्टियां जल्द ही एक विस्तृत घोषणापत्र को अंतिम रूप देंगी, लेकिन पंजाब से नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करना, किसानों के कल्याण के लिए मिलकर काम करना और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देना इसके मुख्य केंद्र-बिंदु होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों के मुद्दों को सुलझाने और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देने के भाजपा के वादे को, शिअद के हमारे साथ आने से और मजबूती मिलेगी। शाह ने कहा, भाजपा के सबसे पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी हुई है; हम दिल से उनका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, शिअद की राजग में वापसी से बहुत खुश हैं।

उन्होंने कहा कि अकाली दल के वापस आने से राजग अब पूर्ण हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, अकाली दल के साथ हमारे रिश्ते हमेशा से मजबूत रहे हैं; हमारा जुड़ाव वाजपेयी-आडवाणी के दौर से चला आ रहा है। नवीन ने कहा कि यह पंजाब के लोगों के फायदे और हिंदू-सिख एकता के लिए एक स्वाभाविक गठबंधन है।

उन्होंने कहा, भाजपा-शिअद गठबंधन पंजाब को एक विकसित राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करेगा, और सीटों के बंटवारे पर बातचीत जल्द ही होगी। शाह ने कहा कि गठबंधन की बातचीत में उम्मीद से ज़्यादा समय लगा, क्योंकि हम चाहते थे कि शिअद राजग के एक स्थायी सदस्य के रूप में वापस आए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस गठबंधन के बिना भी आप हार जाती, लेकिन भाजपा और शिअद के एक साथ आने से उनका पूरी तरह सफाया तय है। शाह ने कहा, पंजाब के विकास और संस्कृति को बढ़ावा देना भाजपा और शिअद, दोनों के लिए एक मुख्य एजेंडा है।

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। सितंबर 2020 में, तीन कृषि कानूनों (जिन्हें अब रद्द कर दिया गया है) को लेकर शिअद ने भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ लिया था। पूर्व में, लोकसभा सदस्य हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था, जो मोदी सरकार में मंत्री थीं।

अगस्त में जब बादल ने संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की, तो भाजपा और शिअद के फिर से साथ आने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया था। शिअद और भाजपा दोनों ने 1997, 2007 और 2012 में पंजाब में सरकारें बनाईं। दोनों पार्टियों के अलग होने के बाद, शिअद और भाजपा ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव अपने-अपने बूते लड़े, और दोनों का ही चुनावी प्रदर्शन बहुत खराब रहा।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में, 117 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने दो सीटें जीतीं, जबकि शिअद तीन विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज कर सकी। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों में, भाजपा अपना खाता भी नहीं खोल पाई, वहीं शिअद ने 13 संसदीय क्षेत्रों में से केवल एक सीट (बठिंडा) जीती। हालांकि, 2019 के 9.63 प्रतिशत की तुलना में, भाजपा की वोट हिस्सेदारी दोगुनी होकर 18.56 प्रतिशत हो गई।

चुनावी गठबंधन खत्म होने से पहले, अकाली दल और भाजपा मिलकर चुनाव लड़ते थे। विधानसभा चुनावों में पूर्व के समझौते के अनुसार, भाजपा 23 सीटों पर और शिअद 94 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ती थी। लोकसभा चुनावों में, शिअद 10 सीटों पर और भाजपा बाकी तीन सीटों पर चुनाव लड़ती थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़