भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया

Srihari Nataraj

भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने बुधवार को तोक्यो ओलंपिक में आधिकारिक रूप से जगह बनाई जब खेल की वैश्विक संचालन संस्था फिना ने रोम में सेटे कोली ट्रॉफी में पुरुष 100 मीटरबैकस्ट्रोक स्पर्धा में उनके ‘ए’ क्वालीफिकेशन स्तर को स्वीकृति दी।

नयी दिल्ली। भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने बुधवार को तोक्यो ओलंपिक में आधिकारिक रूप से जगह बनाई जब खेल की वैश्विक संचालन संस्था फिना ने रोम में सेटे कोली ट्रॉफी में पुरुष 100 मीटरबैकस्ट्रोक स्पर्धा में उनके ‘ए’ क्वालीफिकेशन स्तर को स्वीकृति दी। भारतीय तैराकी महासंघ (एसएफआई) ने ट्वीट किया, ‘‘श्रीहरि नटराज के सेटे कोली ट्रॉफी में टाइम ट्रायल के दौरान 53.77 सेकेंड के ओलंपिक क्वालीफिकेशन समय को फिना ने स्वीकृति दे दी है। एसएफआई ने उनका प्रतिनिधित्व फिना के पास भेजा था।

इसे भी पढ़ें: दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को एक रन से हराया, 2-1 की बढ़त बनाई

श्रीहरि तोक्यो में ‘ए’ क्वालीफिकेशन प्रवेश के रूप में भारत के साजन प्रकाश से जुड़ेंगे। ’’ नटराज ने रविवार को राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के साथ ही तोक्यो खेलों का ‘ए’ क्वालीफिकेशन स्तर हासिल किया जो 53.85 सेकेंड है। टाइम ट्रायल में तैराकों को अन्य प्रतिद्वंद्वियों से प्रतिस्पर्धा का मौका नहीं मिलता लेकिन वे अपने समय में सुधार कर सकते हैं। बेंगलुरू के इस तैराक को आयोजकों ने ओलंपिक क्वालीफिकेशन के अंतिम दिन टाइम ट्रायल में हिस्सा लेने की स्वीकृति दी थी।

इसे भी पढ़ें: जर्मनी को हराकर इंग्लैंड यूरो 2020 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

तोक्यो ओलंपिक में पहली बार दो भारतीय तैराकों को सीधे क्वालीफिकेशन के जरिए ओलंपिक खेलों में प्रवेश मिलेगा। साजन प्रकाश इसी प्रतियोगिता की पुरुष 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में ओलंपिक ‘ए’ स्तर हासिल करने वाले अब तक के पहले भारतीय तैराक बने थे। साजन ने 2010 एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता वीरधवल खाड़े के एक मिनट 49.86 सेकेंड के पिछले प्रदर्शन में सुधार किया था। नटराज पहली बार ओलंपिक में हिस्सा लेंगे जबकि साजन दूसरी बार खेलों के महाकुंभ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। साजन रियो ओलंपिक 2016 में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

For more Sports News in Hindi Today. Please click here

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़