Kolkata में Football Friendly मैच में भारतीय महिला टीम रूस से 0-4 से पराजित

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में खेले गए वर्षा प्रभावित अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में रूस ने भारतीय महिला फुटबॉल टीम को 4-0 से शिकस्त दी। रूस के लिए इयाना शेइना, इयाना स्विस्तुनोवा और स्थानापन्न किरा पेतुखोवा ने गोल दागे। भारतीय मुख्य कोच क्रिस्पिन छेत्री ने इस मुकाबले में छह खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण का मौका दिया।

कोलकाता, आठ अक्टूबर भारतीय महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने किशोर भारती क्रीड़ांगन में बृहस्पतिवार को खेले गए वर्षा से प्रभावित पहले अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में रूस को पहले हाफ में कड़ी टक्कर दी लेकिन अंततः उसे 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। इयाना शेइना ने 40वें मिनट में शानदार व्यक्तिगत प्रयास से रूस को बढ़त दिलाई। स्थानापन्न खिलाड़ी किरा पेतुखोवा ने 60वें और 65वें मिनट में दो गोल किये जबकि इयाना स्विस्तुनोवा ने 81वें मिनट में गोल कर रूस की आसान जीत सुनिश्चित की।

दूसरे हाफ में लगातार दबाव के सामने भारतीय टीम की रक्षापंक्ति कमजोर पड़ गई। मुख्य कोच क्रिस्पिन छेत्री ने उभरती खिलाड़ियों को परखने के लिये इस मुकाबले का इस्तेमाल किया। बेबिसाना देवी थिंगजाम, मालती मुंडा, सिंडी कोल्नी, शुभांगी सिंह, धुर्गा पेरुमल और शिबानी देवी नोंगमेकापम ने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया।

गोलकीपर मोनालिशा देवी मोइरांगथेम ने पहली बार शुरुआती एकादश में जगह बनाई और अपना तीसरा अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। विश्व रैंकिंग में 69वें स्थान पर काबिज भारतीय टीम के सामने 27वीं रैंकिंग वाली रूस की मजबूत चुनौती थी। यह कोलकाता में भारतीय महिला टीम का पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी था।

इसके बावजूद पहले हाफ में मेजबान टीम ने काफी अनुशासन के साथ बचाव किया और कुछ ऐसे मौके बनाये जो मैच का रुख बदल सकते थे लेकिन रूस ने अधिक समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी और मैच में अधिकांश समय नियंत्रण बनाये रखा। भारत के लिये यह परिणाम मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ पूरे 90 मिनट तक रक्षात्मक मजबूती बरकरार रखने की चुनौती को दर्शाता है। हालांकि पहले हाफ का ठोस खेल, बनाये गये आक्रमण के मौके और मोनालिशा के बचाव सकारात्मक पक्ष रहे।

छह खिलाड़ियों को पदार्पण का मौका मिलना भी छेत्री की व्यापक टीम तैयार करने की योजना को दर्शाता है। दोनों टीम अब 11 अक्टूबर को फिर आमने-सामने होंगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़