रणजी ट्रॉफी में R स्मरण का शतक, Karnataka ने पहली पारी में बनाए 274 रन

रणजी ट्रॉफी में R स्मरण का शतक, Karnataka ने पहली पारी में बनाए 274 रन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

विजयवाड़ा में आंध्र के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में कर्नाटक की टीम ने रविचंद्रन स्मरण के 126 रन के दम पर पहली पारी में 274 रन का स्कोर बनाया। शुरुआती झटकों के बाद केएल श्रीजीत ने 58 रनों का योगदान देकर स्मरण के साथ 111 रनों की साझेदारी की। दिन का खेल समाप्त होने तक आंध्र ने 16 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं।

रविचंद्रन स्मरण ने 126 रन की शानदार पारी खेलकर लाल गेंद के क्रिकेट में अपनी क्षमता साबित की जिससे कर्नाटक ने रविवार को यहां रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मुकाबले के पहले दिन आंध्र के खिलाफ 274 रन बनाए। स्मरण के आठवें प्रथम श्रेणी शतक की मदद से कर्नाटक ने चार विकेट पर 22 रन के स्कोर से उबरते हुए पहली पारी में चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। पिछले सत्र के उपविजेता कर्नाटक ने इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक आंध्र का स्कोर दो विकेट पर 16 रन कर दिया।

आंध्र की टीम अब भी कर्नाटक से 258 रन पीछे है। स्टंप के समय शेख रशीद और अभिषेक रेड्डी क्रीज पर थे। कर्नाटक की टीम में शामिल भारतीय बल्लेबाज लोकेश राहुल, करुण नायर और मयंक अग्रवाल टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे लेकिन स्मरण ने अहम मौके पर जिम्मेदारी संभाली।

कर्नाटक के 23 वर्षीय कप्तान ने विकेटकीपर बल्लेबाज केएल श्रीजीत (82 गेंद में 58 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 111 रन की साझेदारी की। आंध्र की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 69 रन देकर तीन विकेट लिए।

राजकोट में भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने नाबाद 72 रन की पारी खेलकर छत्तीसगढ़ के खिलाफ सौराष्ट्र को रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन मजबूत स्थिति में पहुंचाया। टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 308 रन बना लिए थे। सौराष्ट्र की ओर से प्रेरक मांकड़ 92 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि सलामी बल्लेबाज चिराग जानी ने 83 रन का योगदान दिया।

सिकंदराबाद में अनिकेत रेड्डी (21 रन पर पांच विकेट) के पांच विकेट की बदौलत हैदराबाद ने त्रिपुरा को 134 रन पर समेट दिया। तन्य त्यागराजन ने भी तीन विकेट चटकाए। त्रिपुरा की ओर से बिक्रमकुमार ने सर्वाधिक 50 रन बनाए।

हैदराबाद ने इसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 121 रन बनाकर पहली पारी में बढ़त हासिल करने की ओर मजबूत कदम बढ़ाए। तन्मय अग्रवाल 48 रन बनाकर खेल रहे हैं। मुल्लांपुर में ग्रुप के एक अन्य मैच में खराब मौसम के कारण सिर्फ 23 ओवर का खेल हो पाया जिसमें असम ने पंजाब के खिलाफ तीन विकेट पर 68 रन बनाए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़