ड्रेसिंग रूम विवाद में Gautam Gambhir ने बढ़ाया था हौसला, Sarfaraz Khan ने किया याद

भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ड्रेसिंग रूम लीक के आरोपों के दौरान कोच गौतम गंभीर ने सबसे पहले उनसे संपर्क कर समर्थन दिया था। सरफराज के मुताबिक गंभीर ने उनके पिता से भी बात की और उन्हें बाहरी बातों को नजरअंदाज कर खेल पर ध्यान देने की सलाह दी। इस विवाद की वजह से उनके परिवार और पत्नी को काफी मानसिक तनाव से गुजरना पड़ा था।
सरफराज खान ने खुलासा किया है कि ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक होने के आरोपों से उन पर और उनके परिवार पर काफी भावनात्मक प्रभाव पड़ा तथा भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर पहले व्यक्ति थे जिन्होंने उनसे संपर्क किया और उनका हौसला बढ़ाया। मुंबई के इस बल्लेबाज पर 2024-25 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे के दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम से जानकारी लीक करने का आरोप लगाया गया था। इस 29 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि इन आरोप से उन्हें गहरा दुख पहुंचा और उन्हें इससे भी ज्यादा इस बात की चिंता है कि उनके माता-पिता और पत्नी पर इसका बुरा असर पड़ा।
सरफराज ने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘मुझे अपना फोन बंद करना पड़ा। दो दिन बाद जीजी सर (गौतम गंभीर) ने मुझे फोन किया। उन्होंने मुझसे कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं और मुझे ऐसी राजनीति में नहीं पड़ना चाहिए, बल्कि अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनसे कहा कि मैं यह समझ सकता हूं, लेकिन मेरे पिता (नौशाद) दुखी हैं और मेरी पत्नी भी रो रही है।
इसके बाद जीजी सर ने मेरे पिता से बात की और उनसे कहा कि वे ऐसी बातों को महत्व देना बंद करें और सरफराज को क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि वह एक अच्छा क्रिकेटर है। उन्होंने मेरे पिता से कहा कि अगर उन्हें किसी मदद की जरूरत हो तो वे उन्हें फोन करें। सबसे पहले उन्होंने ही मुझे फोन किया।’’ ये आरोप तब सामने आए जब ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भारतीय ड्रेसिंग-रूम में सब कुछ ठीक न होने की खबरें आ रही थीं।
कहा जा रहा था कि गंभीर टीम के प्रदर्शन से नाखुश नहीं थे और ऐसी खबरें सामने आईं कि मेलबर्न में चौथे टेस्ट में भारत की हार के बाद उन्होंने खिलाड़ियों को जमकर फटकार लगाई थी। सरफराज पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल थे हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।
अन्य न्यूज़













