Super Bowl vs. Olympics: इटली में अमेरिकी खिलाड़ियों के सामने नींद और जुनून की जंग

इटली में विंटर ओलंपिक के दौरान सुपर बाउल का टकराव अमेरिकी एथलीटों, विशेषकर पैट्रियट्स और सीहॉक्स के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। कुछ खिलाड़ी मैच देखने के बजाय अपनी टीम की जर्सी पहनकर सोने का फैसला कर रहे हैं, तो कुछ सुबह स्कोर देखने की योजना बना रहे हैं, जो उनके खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
इटली में चल रहे मिलान-कोर्तिना विंटर ओलंपिक के दौरान ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है, जहां अमेरिकी खिलाड़ियों के सामने सुपर बाउल और ओलंपिक मुकाबलों का टकराव खड़ा हो गया।
बता दें कि यूएसए ल्यूज टीम के खिलाड़ी जैक डि ग्रेगोरियो न्यू इंग्लैंड पैट्रियट्स के जबरदस्त प्रशंसक हैं। मैसाचुसेट्स में जन्मे जैक का पैट्रियट्स से जुड़ाव पारिवारिक भी है, क्योंकि उनकी मां पिछले दो दशकों से ज्यादा समय से इस फ्रेंचाइज़ी के साथ काम कर रही हैं। ऐसे में सुपर बाउल जैसे बड़े मुकाबले को मिस करना उनके लिए आसान नहीं है।
मौजूद जानकारी के अनुसार इटली में पैट्रियट्स और सिएटल सीहॉक्स के बीच होने वाला सुपर बाउल मुकाबला सोमवार तड़के 12:30 बजे शुरू होगा। यही वह समय है, जब ओलंपिक में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को अगले दिन के मुकाबलों के लिए आराम करना चाहिए। खुद जैक डि ग्रेगोरियो ने माना कि अगर रात में नींद खुली तो वे स्कोर जरूर देखेंगे, हालांकि पूरी तरह जागने का जोखिम नहीं लेना चाहते हैं।
गौरतलब है कि अमेरिकी ओलंपिक दल में मैसाचुसेट्स और वॉशिंगटन से आए कई खिलाड़ी हैं, जिनकी दिलचस्पी इस मुकाबले में स्वाभाविक रूप से बनी हुई है। कर्लिंग खिलाड़ी कोरी ड्रॉपकिन ने साफ कहा कि वह मैच नहीं देख पाएंगे, लेकिन समर्थन के तौर पर पैट्रियट्स की जर्सी पहनकर सोएंगे।
वहीं दूसरी ओर, शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटर कोरिन स्टॉडर्ड को भरोसा है कि सिएटल सीहॉक्स ही जीतेंगे। उनका मानना है कि पूरी रात जागने की बजाय सुबह स्कोर देखना बेहतर रहेगा। महिला हॉकी खिलाड़ी एलेक्स कारपेंटर, जिनका मुकाबला उसी दिन है, उन्होंने भी सुबह नतीजा देखने का फैसला किया है।
कुछ खिलाड़ियों के परिवारों के लिए यह टकराव और भी भावनात्मक बन गया है। फ्रीस्टाइल स्कीयर ग्रेस हेंडरसन के पिता मार्क हेंडरसन ने लिविग्नो में एक बार को अतिरिक्त समय तक खुला रखने की व्यवस्था कर ली है, ताकि परिवार सुपर बाउल देख सके। वहीं जैक की मां क्रिस्टा डि ग्रेगोरियो भी कोर्तिना में ऐसा ही ठिकाना तलाश रही हैं।
गौरतलब है कि सुपर बाउल और विंटर ओलंपिक का एक ही दिन होना यह दूसरी बार है। इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री ने भी माना है कि भविष्य में बड़े खेल आयोजनों के टकराव पर वैश्विक स्तर पर चर्चा जरूरी होगी।
फिलहाल खिलाड़ियों और उनके परिवारों के लिए यह एक अनोखा अनुभव है, जहां ओलंपिक का सपना और सुपर बाउल का जुनून साथ-साथ चल रहे हैं। जैक डि ग्रेगोरियो की मां के लिए तो ओलंपिक उद्घाटन समारोह ही किसी चैंपियनशिप परेड से कम नहीं था। उनके लिए यह सीजन पहले ही खास बन चुका है, चाहे सुपर बाउल का नतीजा कुछ भी हो।
अन्य न्यूज़












