Under 23 World Championship: 4 भारतीय महिला पहलवानों के Visa पर WFI को अमेरिकी दूतावास से राहत की उम्मीद

Under 23 World Championship: 4 भारतीय महिला पहलवानों के Visa पर WFI को अमेरिकी दूतावास से राहत की उम्मीद
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय कुश्ती महासंघ ने लास वेगास में होने वाली प्रतियोगिता के लिए खारिज हुए महिला पहलवानों के वीजा आवेदनों पर अमेरिकी दूतावास से पुनर्विचार की मांग की है। 20 साल से कम उम्र और बेरोजगार होने के आधार पर चार महिला पहलवानों और पांच ग्रीको रोमन पहलवानों के आवेदन खारिज किए गए थे। डब्ल्यूएफआई के सहायक सचिव विनोद तोमर ने बताया कि संघ इन महिला खिलाड़ियों को खेलने का मौका दिलाने के प्रयास में जुटा है।

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) को अमेरिका के दूतावास से उन चार महिला पहलवानों के वीजा आवेदन खारिज किए जाने के मामले में सकारात्मक जवाब मिलने की उम्मीद है जिन्हें अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लेना है। लास वेगास में महिला वर्ग की स्पर्धाएं बुधवार से शुरू होनी हैं। पांच ग्रीको रोमन पहलवान और चार महिला पहलवानों के वीजा आवेदन 20 वर्ष से कम उम्र और बेरोजगार होने के आधार पर खारिज कर दिए गए थे।

महिला वर्ग की स्पर्धाएं बुधवार से शुरू होने के कारण डब्ल्यूएफआई को उम्मीद है कि रविवार के बाद मिलने वाले दो दिन के दौरान अमेरिकी दूतावास अपने फैसले पर पुनर्विचार कर चार महिला पहलवानों परवीन (50 किग्रा), अहिल्या शत्रुघ्न शिंदे (55 किग्रा), नेहा शर्मा (57 किग्रा) और नेहा सांगवान (65 किग्रा) को वीजा जारी कर सकता है। डब्ल्यूएफआई के सहायक सचिव विनोद तोमर ने कहा कि महासंघ इस मुद्दे को सुलझाने के प्रयास कर रहा है और उसे सकारात्मक नतीजे की उम्मीद है। तोमर ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अमेरिकी दूतावास अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा, विशेषकर हमारी महिला पहलवानों के मामले में।

उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए तैयारी की है और हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि उन्हें विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिले।’’ अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप सोमवार (12 अक्टूबर) से लास वेगास में शुरू होगी। वीजा नहीं पाने वाले पांच ग्रीको रोमन पहलवान समर्थ गजानन म्हाकवे, धीरज कुमार मलिक, सचिन कुमार, निखिल और हरदीप हैं। ग्रीको रोमन स्पर्धाएं सोमवार से शुरू होंगी जिसमें 60 किग्रा, 67 किग्रा, 72 किग्रा, 82 किग्रा और 97 किग्रा वर्ग के मुकाबले होंगे।

महिला वर्ग में स्वीटी (53 किग्रा), कोमल (59 किग्रा), वैष्णवी पाटिल (65 किग्रा), मानसी लाठेर (68 किग्रा), अमृता पुजारी (72 किग्रा) और दीक्षा मलिक (76 किग्रा) को वीजा जारी कर दिए गए हैं। पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग के सभी पहलवानों को वीजा मिल गए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़