Singur में Ashok Leyland लगाएगी ट्रक विनिर्माण इकाई, जल्द शुरू होगा काम: सुकांत मजूमदार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने खड़गपुर में बताया कि वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड सिंगूर में अपना ट्रक संयंत्र स्थापित करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित इकाई में भारी वाहनों का निर्माण होगा और इस पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। करीब दो दशक पहले सिंगूर से टाटा नैनो परियोजना हटने के बाद इस घोषणा को औद्योगिक पुनरुद्धार के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शनिवार को कहा कि वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड पश्चिम बंगाल के सिंगूर में ट्रक विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी और इस परियोजना पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। करीब दो दशक पहले इसी स्थान पर टाटा नैनो कार परियोजना बंद हो गई थी। अब इस घोषणा से क्षेत्र में औद्योगीकरण की उम्मीदें फिर बढ़ गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आईआईटी खड़गपुर में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मजूमदार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सिंगूर में उद्योग लाने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रस्तावित संयंत्र में भारी वाहनों का निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा, हम सिंगूर में उद्योग वापस लाना चाहते हैं। हमारे मुख्यमंत्री ने भी ऐसा कहा है।

मैं आज फिर दोहरा रहा हूं कि अशोक लेलैंड सिंगूर आ रही है। वह यहां ट्रक विनिर्माण संयंत्र लगाएगी और जल्द ही काम शुरू होगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पांच नवंबर को दिए गए उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार ने सिंगूर में भारी वाहन विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए अशोक लेलैंड के साथ शुरुआती बातचीत की है।

हालांकि, अधिकारी ने उस समय जल्दबाजी में घोषणा करने से बचने की सलाह देते हुए कहा था कि सरकार प्रचार के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर करने के बजाय उन परियोजनाओं को प्राथमिकता देगी, जिन्हें वास्तव में जमीन पर उतारा जा सकता है। ताजा घोषणा से संकेत मिलता है कि भाजपा सरकार सिंगूर को पश्चिम बंगाल में औद्योगिक पुनरुद्धार की अपनी योजना के एक प्रमुख केंद्र के रूप में पेश करना चाहती है। हालांकि, परियोजना के बारे में अभी औपचारिक रूप से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

निवेश की राशि, रोजगार के अवसरों और काम पूरा होने की समयसीमा की भी घोषणा नहीं की गई है। मजूमदार ने पश्चिम बंगाल में औद्योगिक अवसरों का लाभ उठाने में नाकाम रहने के लिए राज्य की पिछली सरकारों को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि आज ताइवान इस क्षेत्र में जिस मुकाम पर है, वहां पश्चिम बंगाल भी पहुंच सकता था।

उन्होंने कहा, यह अवसर पहले हमारे पास आया था, लेकिन उस समय की सरकार ने कंप्यूटरों का विरोध किया। इसके चलते यहां सेमीकंडक्टर उद्योग विकसित नहीं हो सका। उन्होंने तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी औद्योगीकरण के अपने वादों को ठोस परियोजनाओं में बदलने में विफल रहने का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल में सिंगूर का औद्योगिक भविष्य लंबे समय से राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रहा है। वर्ष 2008 में टाटा मोटर्स की नैनो कार परियोजना का यहां से हटना राज्य की राजनीति में एक बड़ा मोड़ साबित हुआ था।

तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के नेतृत्व वाली वाम मोर्चा सरकार ने छोटी कार बनाने के कारखाने के लिए करीब 997 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया था। हालांकि, तत्कालीन विपक्षी नेता ममता बनर्जी के नेतृत्व में कृषि भूमि अधिग्रहण के खिलाफ लंबे समय तक आंदोलन चला। इसके कारण टाटा मोटर्स को परियोजना छोड़कर गुजरात के साणंद ले जानी पड़ी।

इस आंदोलन ने 2011 में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और वाम मोर्चा के 34 साल के शासन का अंत हुआ। बाद में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद उनकी सरकार ने अधिगृहीत जमीन उन किसानों को लौटा दी थी, जो जमीन देने के इच्छुक नहीं थे। नैनो परियोजना के सिंगूर से हटने के करीब 18 साल बाद अशोक लेलैंड की प्रस्तावित परियोजना भाजपा के लिए सिंगूर को औद्योगिक पुनरुद्धार के प्रतीक के रूप में पेश करने का अवसर देती है।

हालांकि, इस घोषणा की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि इसे ठोस निवेश और चालू विनिर्माण इकाई में तब्दील किया जा पाता है या नहीं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़