डियाजियो बनी देश की शीर्ष शराब कंपनी, पर्नो रिका को पछाड़ हासिल किया पहला स्थान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की बिक्री के बाद पर्नो रिका इंडिया का राजस्व घटने से डियाजियो इंडिया राजस्व के मामले में देश की सबसे बड़ी मादक पेय निर्माता बन गई है। वित्त वर्ष 2025-26 में डियाजियो की कुल आय बढ़कर 28,294 करोड़ रुपये पहुंच गई। वहीं घरेलू कंपनी रैडिको खेतान 20,976.4 करोड़ रुपये के साथ तीसरे पायदान पर रही।

फ्रांस की शराब कंपनी पर्नो रिका की भारत में परिचालन से आय वित्त वर्ष 2025-26 में 13.6 प्रतिशत घटकर 23,701.27 करोड़ रुपये रह गई। इसका मुख्य कारण उसका इम्पीरियल ब्लू कारोबार को तिलकनगर इंडस्ट्रीज को बेचना रहा। इस बिक्री के चलते पर्नो रिका ने राजस्व के लिहाज से देश की सबसे बड़ी मादक पेय कंपनी का स्थान डियाजियो इंडिया (यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड) के हाथों गंवा दिया।

कंपनी पंजीयक (आरओसी) के पास दाखिल वित्तीय दस्तावेजों के अनुसार 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में पर्नो रिका इंडिया की कुल आय (अन्य आय सहित) 12.8 प्रतिशत घटकर 24,122.03 करोड़ रुपये रह गई। ब्रिटेन की बहुराष्ट्रीय कंपनी डियाजियो पीएलसी का हिस्सा और शेयर बाजार में सूचीबद्ध डियाजियो इंडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 में परिचालन से 27,816 करोड़ रुपये की आय और 28,294 करोड़ रुपये की कुल एकीकृत आय दर्ज की। यह सालाना आधार पर 4.38 प्रतिशत अधिक है।

पर्नो रिका भारत में अपने कई वैश्विक ब्रांड और सीग्राम पोर्टफोलियो के साथ कारोबार करती है। उसने पिछले कुछ वर्षों से देश की सबसे बड़ी मादक पेय कंपनी का स्थान बरकरार रखा था। इससे पहले यूनाइटेड स्पिरिट्स ने अपने पोर्टफोलियो को प्रीमियम बनाने की रणनीति के तहत 2021 में अपने लोकप्रिय किफायती व्हिस्की ब्रांड इनब्रू बेवरेजेज को बेच दिया था।

भारत में इन दोनों वैश्विक कंपनियों की कुल आय वित्त वर्ष 2025-26 में 52,416.03 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष के 55,275.6 करोड़ रुपये से 5.17 प्रतिशत कम है। घरेलू कंपनी रैडिको खेतान लिमिटेड ने मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया। वित्त वर्ष 2025-26 में इसकी कुल एकीकृत आय लगभग 22.7 प्रतिशत बढ़कर 20,976.4 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 17,098.5 करोड़ रुपये थी।

खेतान परिवार द्वारा प्रवर्तित यह कंपनी राजस्व के लिहाज से देश की तीसरी सबसे बड़ी मादक पेय कंपनी बनकर उभरी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़