वैश्विक बिकवाली से Gold 5200 रुपये लुढ़का, Silver 1.58 लाख पर आई

वैश्विक बिकवाली से Gold 5200 रुपये लुढ़का, Silver 1.58 लाख पर आई
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी बिकवाली और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में तेजी के बीच दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तीव्र गिरावट आई है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोना 5,200 रुपये घटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। वहीं चांदी 4,000 रुपये की गिरावट के साथ 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।

वैश्विक बाजार में जारी बिकवाली के बीच शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। सोना लगातार नौवें कारोबारी सत्र में गिरकर एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया जबकि चांदी अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से 61 प्रतिशत टूट चुकी है। अमेरिकी डॉलर में मजबूती, बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी और ब्याज दरों में वृद्धि की आशंकाओं ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाया हुआ है।

स्थानीय सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 5,200 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया। बृहस्पतिवार को इसका भाव 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था। सोने की कीमत में नौ कारोबारी सत्रों के दौरान कुल 17,600 रुपये यानी 12 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।

नौ नवंबर को सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। सोने का मौजूदा भाव 14 नवंबर, 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। उस समय सोने की कीमत 1,29,400 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

इस साल जनवरी के आखिर में 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद से सोना अब तक 53,700 रुपये यानी 29.3 प्रतिशत टूट चुका है। चांदी की कीमतों में गिरावट इससे भी अधिक रही। शुक्रवार को चांदी 4,000 रुपये गिरकर 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई जबकि बृहस्पतिवार को इसका भाव 1.62 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था।

पांच नवंबर को 1,94,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही चांदी अब तक 36,500 रुपये यानी 19 प्रतिशत सस्ती हो चुकी है। इस साल 29 जनवरी को 4.04 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद से चांदी की कीमत में कुल 2.46 लाख रुपये यानी 61 प्रतिशत की भारी गिरावट आ चुकी है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि इस सप्ताह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आई 1.5 प्रतिशत से अधिक की मजबूती ने घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट को और तेज कर दिया।

निवेश मंच लेमन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंकाओं, डॉलर के 19 महीने के उच्च स्तर के करीब बने रहने और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड के ऊंचे प्रतिफल से कोई ब्याज न देने वाली कीमती धातुओं का आकर्षण घटा है। हालांकि, कीमतों में गिरावट से आभूषण खरीदारों को अच्छा मौका मिला है। ऑगमोंट की मुख्य शोध अधिकारी रेनिशा चेनानी ने कहा कि कम कीमतों के कारण इस सप्ताह खरीदारी बढ़ी है।

खासकर शादी-ब्याह के लिए आभूषण खरीदने वाले परिवारों को कम कीमतों से राहत मिली है। इसके बावजूद हाजिर मांग का परिदृश्य कमजोर बना हुआ है। सिल्वर इंस्टीट्यूट का अनुमान है कि वर्ष 2026 में वैश्विक स्तर पर चांदी के आभूषणों और बर्तनों की मांग में क्रमशः 22 प्रतिशत और 17 प्रतिशत की गिरावट है।

भारत में ऊंची कीमतों और ग्रामीण खर्च में कमी के कारण उपभोक्ता छोटे और हल्के उत्पाद खरीद रहे हैं। चीन में उपभोक्ताओं की बदलती पसंद तथा यूरोप और अमेरिका में कमजोर मांग से भी आभूषणों की बिक्री प्रभावित हो रही है। संस्थान ने इस साल भारत में चांदी की मांग 10 प्रतिशत घटने का अनुमान जताया है।

वहीं, अमेरिका में खुदरा निवेश वर्ष 2010 के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ सकता है। वैश्विक बाजार में शुक्रवार को हाजिर सोना 110.24 डॉलर यानी 3.04 प्रतिशत लुढ़ककर 3,515.02 डॉलर प्रति औंस रह गया। इसमें लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट आई और भाव चार सितंबर, 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया।

वैश्विक स्तर पर चांदी भी चार प्रतिशत से अधिक टूटकर 41.12 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। इसमें लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। इस साल जनवरी में 5,595.02 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद से सोना 37 प्रतिशत से अधिक टूट चुका है।

वहीं, चांदी 121.63 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर से करीब 66 प्रतिशत गिर चुकी है। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोने के लिए 3,500 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम समर्थन बना हुआ है। निवेशकों की नजर अब नौ दिसंबर को होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक पर रहेगी।

ब्याज दरों में 0.50 प्रतिशत अंक की संभावित वृद्धि से कीमती धातुओं के बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़